माँ मन्नत दरबार परिवार द्वारा आयोजित भक्ति से परिपूर्ण कार्यक्रम में नगरवासियों की उमड़ी श्रद्धा
मझौली (विशेष प्रतिनिधि)।
नगर मझौली में माँ मन्नत दरबार परिवार, ताम्रकार मोहल्ला द्वारा प्रति वर्ष अनुसार इस वर्ष भी विशाल चुनरी यात्रा का आयोजन अत्यंत श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। यह आयोजन लगातार सातवें वर्ष सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जो नगर में एक धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा के रूप में प्रतिष्ठित होता जा रहा है।
यात्रा की शुरुआत प्राचीन विष्णु वराह मंदिर से की गई, जहाँ भक्तों ने विधिवत पूजन-अर्चन कर माँ मन्नत से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत यात्रा माँ मन्नत दरबार से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए, भक्ति संगीत, ढोल-नगाड़ों, झाँकियों और श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच आगे बढ़ी।
सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने सिर पर चुनरी लेकर माँ मन्नत वाली के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। नगरवासियों ने जगह-जगह फूलों की वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जिससे सम्पूर्ण नगर भक्ति और उल्लास के रंग में रंग गया।
यात्रा के समापन पर माँ मन्नत दरबार में चुनरी अर्पण कर विशाल आरती का आयोजन किया गया। आयोजन में नगर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं युवा वर्ग ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
माँ मन्नत दरबार परिवार ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार आयोजन को और भव्य रूप देने का संकल्प लिया।