15.5 C
Jabalpur
Thursday, February 12, 2026

लाड़ली बहना योजना, सशक्त मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प

लाड़ली बहना योजना ने बहनों का जीवन ही नहीं, प्रदेश के भविष्य की बदल दी है दिशा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल

एक करोड़ 26 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में 1857 करोड़ रूपये प्रोत्साहन अंतरित

युवाओं के लिए घंसौर में बनेगा खेल स्टेडियम

लामटा से पांडिया छपारा के बीच बनेगा बड़ा पुल

हमने धान का बोनस दिया, गेहूं भी खरीदेंगे और मक्के का भी दिलाएंगे सही दाम

लाड़ली बहना योजना की 30वीं किश्त में बहनों को मिली 1500 रुपए की सौगात

अब हर महीने 1500 रूपए ही मिलेंगे

पेंच टाइगर रिजर्व में स्क्रैप से बनी विश्व की सबसे बड़ी बाघ कलाकृति का किया लोकार्पण

560 करोड़ रूपए से अधिक के 114 विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन एवं लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नारी हर रूप में समर्पण का प्रतीक है। इनके कल्याण के लिए हमने जो भी कहा वह करके दिखाया है। बहनों के कल्याण के संकल्प की दिशा में हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। भाईदूज पर लाड़ली बहना योजना की राशि 1250 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए करने का वादा किया था। आज उसे निभाने का सौभाग्य अवसर आ चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना की कुल 30 किश्तों में से 23 किश्तें बहनों को भेजने का शुभ अवसर आया। उन्होंने कहा कि इस योजना ने बहनों का जीवन ही नहीं, मध्यप्रदेश के भविष्य की दिशा भी बदल दी है। लाड़ली बहना योजना अब मदद की नहीं, मौका देने की योजना बन गई है। सहयोग के भाव से शुरू हुई यह योजना अब सफलता के सूत्र में बदल गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि हमारी बहनों के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम है। यह हर बहन के सम्मान और सशक्त मध्यप्रदेश के निर्माण की दिशा में हमारे संकल्प की पूर्ति है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हमारी हर लाड़ली बहन अपने जीवन में आत्मनिर्भर, स्वाभिमानी और सशक्त बने। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को सिवनी जिले में लाड़ली बहनों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की एक करोड़ 26 लाख 36 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के खाते में सिंगल क्लिक से 1857 करोड़ रुपए राशि अंतरित की। इसमें सिवनी जिले की 2 लाख 68 हजार से अधिक बहनें शामिल हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रिमोट से सिवनी जिले में कुल 560 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत वाले 114 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इसमें सिवनी जिले में एक विधि महाविद्यालय और 4 सांदीपनि विद्यालयों सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगातें शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व में स्थापित 17 फीट ऊंची, 40 फीट और 8 फीट चौड़ी दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रैप से बनी बाघ की कलाकृति का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर युवाओं के लिए घंसौर में स्टेडियम बनाने, बालाघाट जिले के लामटा से सिवनी जिले के पांडिया छपारा के बीच नदी पर एक बड़े पुल का निर्माण और अतरी से पांडरवानी बीटी रोड, बरघाट नगर से ग्राम मकरघट्टा तक पक्की सड़क बनाने और अन्य छोटी सड़कों के निर्माण की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली बहना योजना से लाभान्वित बहनों और हितग्राही परिवारों से भी आत्मीय संवाद किया और उनसे शासन की योजना से मिल रहे लाभों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि हमने जिले के किसानों को धान का बोनस दिया। गेहूं भी हम खरीदेंगे और मक्के की फसल का भी पूरा दाम दिलाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों का आत्मविश्वास ही मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी पूँजी है। जब बहनें सशक्त होती हैं, तब समाज और राज्य दोनों समृद्ध बनते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है। लाड़ली बहना योजना से प्रदेश की बहनों को आर्थिक सहायता दी जा रही है, उन्हें अपने निर्णय स्वयं लेने की शक्ति और आत्मविश्वास भी प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि आइए, हम सब मिलकर ऐसा मध्यप्रदेश बनाएं जहाँ हर बहन सुरक्षित, शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर हो, क्योंकि बहनों की मुस्कान में ही प्रदेश का भविष्य बसता है। उन्होंने कहा कि सशक्त बहनों से ही परिवार और समाज सशक्त होगा। सशक्त समाज ही समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण का मुख्य आधार बनेगा।

30 किश्तों ने बदला बहनों का जीवन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों से कहा कि लाड़ली बहना योजना से सिर्फ आपका जीवन ही नहीं बदला है, मेरा दृष्टिकोण भी बदला है। नीति और नीयत कितना बड़ा बदलाव लाते हैं, यह बहनों की नई-नई कहानियां सुनने से पता चलता है। इस योजना की राशि से किसी बहन ने अपना छोटा व्यापार शुरू किया, किसी बहन ने अपने बच्चे की पढ़ाई में मदद की तो किसी ने इन पैसों से हुनर सीखा। इस योजना ने केवल बहनों का जीवन ही नहीं बल्कि मध्यप्रदेश के भविष्य की दिशा बदल दी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहनों के सशक्तिकरण के लिए इस योजना की शुरुआत हमने जून 2023 में की थी, तब से अक्टूबर 2025 तक आपके बैंक खातों में 44 हजार 917 करोड़ 92 लाख रुपये का अंतरण कर चुके हैं। जनवरी 2024 से अक्टूबर 2025 तक 34 हजार 921 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का अंतरण सिंगल क्लिक से किया है। हर साल राखी के शगुन के 250 रुपये हम अलग से अपनी बहनों को देते आए हैं। आज 250 रुपए बढ़ा रहे हैं। लाड़ली बहना योजना अब मदद की नहीं, मौका देने की योजना बन गई है। इस योजना ने बहनों को लाभार्थी से लीडर बनने की राह पर अग्रसर किया है। सहयोग के भाव से शुरू हुई लाड़ली बहना योजना सफलता के सूत्र में बदल गई है। बहनों के सपने साकार करना हमारा संकल्प हैं। आपके सुख, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए हम कार्य करते रहेंगे। अब हर महीने 1500 रुपये हाथ में आएंगे, मुझे पूरा विश्वास है कि यह 1500 रुपये आपके सपनों को नए पंख लगाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिवनी जिले में विकास की अनंत संभावनाएं हैं। वन्य जीव पर्यटन की दिशा में हमारे प्रयासों से सिवनी में नई अर्थव्यवस्था का निर्माण हो रहा है। होम-स्टे, एडवेंचर टूरिज्म जैसे नवाचारों से न सिर्फ जिले की प्रगति होगी बल्कि बहनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे। उन्होंने कहा है कि सिवनी ऐसा जिला है, जहां बहनें सांसद, कलेक्टर और जिला पंचायत अध्यक्ष की भूमिका में हैं। बहनों के आशीर्वाद से जीवन धन्य हो जाता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार ने लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाने का संकल्प लिया था, जो आज पूरा हो रहा है। प्रदेश में हर महीने रक्षाबंधन और भाईदूज का त्यौहार मनाया जा रहा है। हमने जो वादा किया था, वह पूरा करके दिखा दिया है। हमारी सरकार लगातार अपने संकल्पों को पूर्ण करते हुए आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के कार्यक्रम चल रहे हैं। मध्यप्रदेश में जनजातीय वर्ग की आबादी सर्वाधिक है। प्रदेश में जनजातीय हस्तियों की लंबी फेहरिस्त है। सरकार जनजातीय नायकों की कहानियों और योगदान को पाठ्यक्रम में शामिल कर रही है। प्रदेश में जनजातीय नायकों का सम्मान करते हुए सभी त्यौहार परंपरा अनुसार धूमधाम मनाए जा रहे हैं।

महिलाएं निडर बनें और लीडर बनें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों को अब तक 45 हजार करोड़ से अधिक राशि मिल चुकी है। राज्य सरकार के 2 साल पूर्ण होने पर बहनों को रोजगार आधारित उद्योगों में क्रमश: 5000 रुपए महीना देना चाहते हैं। बहनें लाड़ली योजना की राशि से अपने रोजगार स्थापित कर रही हैं। घर की जरूरत पूरी कर रही हैं। महिलाएं निडर बनें और लीडर बनें। इसके लिए वर्ष-2028 में राजनीतिक क्षेत्र में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं पशुपालन व्यवसाय से जुड़ें, जिस घर में दूध-दही-मही और मक्खन होता है, वहां कुपोषण अपने आप दूर हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दूध उत्पादन को बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को औद्योगिक विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से विभिन्न कैटेगरी में 4 पुरस्कार मिले हैं। प्रदेश में 6 लाख से अधिक लोगों को रोजगार से जोड़ा गया है। महिलाओं के कामकाजी जीवन को आसान बनाने के लिए प्रदेश में कुल 8 वर्किंग वूमन हॉस्टल्स बनाए जा रहे हैं। आज प्रदेश में 5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों से 53 लाख से अधिक बहनें जुड़ी हैं और विभिन्न योजनाओं का लाभ ले रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 30 दिसंबर 2025 से तीन महीने से पुराने बिजली बिलों में सरचार्ज की राशि माफ करने के लिए एक बड़ी योजना की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि भावांतर योजना में सोयाबीन किसानों को 13 नवंबर को राशि ट्रांसफर की जाएगी। किसानों को धान पर भी बोनस दिया है। राज्य सरकार गेहूं भी खरीद रही है। मक्का का उचित मूल्य दिलाने के लिए भी कार्य करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नक्सलवादी गतिविधियों से जुड़े लोग सरकार की आत्मसमर्पण नीति को अपना लें और जल्द से जल्द समाज की मुख्यधारा से जुड़ें। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में मार्च 2026 तक देश में नक्सली गतिविधियों का पूरी तरह सफाया कर दिया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदर्शनियों में विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नन्हीं बिटिया को जन्म दिवस की शुभकामनाएं दीं एवं उसका अन्न-प्राशन भी कराया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का समवेत् स्वर में गायन भी किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली बहनों से संवाद भी किया। हितग्राही श्रीमती सुषमा सनोडिया ने कहा कि लाड़ली बहना योजना से प्रदेश की बहनें आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। राज्य सरकार से मिल रही योजना की राशि हमारे ब्यूटी पार्लर के व्यवसाय में सहायक सिद्ध हुई है। बहन माधुरी डहेरिया ने बताया कि उनके पति को भी किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। लाड़ली बहना योजना में मिली राशि से बच्चों के लिए किताब, कॉपी और घर की जरूरत का सामान खरीद लेते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ देने और रोजगार के लिए सहायता प्रदान करने की बात कही। बहनें स्व-सहायता राशि की किश्त भी समय पर जमा कर रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के सचिव, रोजगार सहायक और पटवारी अच्छा काम करते हैं, लेकिन जो लापरवाही और अपने काम के प्रति उदासीनता दिखाएंगे, तो उन्हें रोकना ही पड़ेगा।

राजस्व मंत्री एवं सिवनी जिले के प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव सम्राट वीर विक्रमादित्य की तरह प्रदेश में सुशासन चला रहे हैं। आज बहनों को 1500 रुपए की राशि मिल रही है।

बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी ने कहा कि प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री डॉ. यादव जो कहते हैं, उसे शत-प्रतिशत पूरा करते हैं। सिवनी के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा अनेकों सौगातें दी गई हैं।

सिवनी विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि सिवनी की धरती से आज प्रदेश की सभी लाड़ली बहनों को 30वीं किश्त के रूप में 1500 रुपए की बढ़ी हुई राशि मिली है। प्रदेश की बहनें सशक्त हुई हैं और उनका सम्मान बढ़ा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा और नारी कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं मंडला संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, बरघाट विधायक श्री कमल मर्सकोले, पूर्व सांसद श्री ढालसिंह बिसेन, पूर्व सांसद श्रीमती नीता पटेरिया, पूर्व विधायक श्री राकेश पाल, श्रीमती मीना बिसेन, श्री वैभव पवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आईं लाड़ली बहनें उपस्थित थीं।

सुंदरलाल बर्मन
सुंदरलाल बर्मनhttps://majholidarpan.com/
Sundar Lal barman (41 years) is the editor of MajholiDarpan.com. He has approximately 10 years of experience in the publishing and newspaper business and has been a part of the organization for the same number of years. He is responsible for our long-term vision and monitoring our Company’s performance and devising the overall business plans. Under his Dynamic leadership with a clear future vision, the company has progressed to become one of Hindi e-newspaper , with Jabalpur district.

Latest News

Stay Connected

0FansLike
27FollowersFollow
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Most View