अभियान के प्रभावी संचालन हेतु कलेक्टर ने ली अधिकारियों की बैठक.
जबलपुर
जबलपुर जिले में 29 मई से 12 जून तक विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाया जायेगा। पंद्रह दिनों के इस अभियान के दौरान किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों एवं कृषि में अपनाये जा रहे नवाचारों की जानकारी दी जायेगी। जिला स्तर पर इस अभियान का शुभारंभ सांसद श्री आशीष दुबे 29 जून को सुबह 9 बजे कृषि विज्ञान केंद्र आधारताल से करेंगे।
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने आज कृषि एवं इससे जुड़े विभागों के अधिकारियों तथा जनपद पंचायतों के सीईओ की बैठक लेकर जिले में इस अभियान के प्रभावी संचालन के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर कार्यालय में संपन्न हुई इस बैठक में उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम, कृषि विज्ञान केन्द्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ ए के सिंह, उप संचालक उघान डॉ नेहा पटेल तथा सहयोगी विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ किसान संघों के प्रतिनिधि एवं किसान उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सक्सेना ने बैठक में कहा कि अभियान के अंतर्गत कृषि की उन्नत तकनीकों एवं नवाचारों से अवगत कराने के साथ-साथ पराली प्रबंधन की जानकारी भी किसानों को दी जाये। उन्होंने मूंग उत्पादन एवं अन्य फसलों में रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग को कम करने तथा प्राकृतिक खेती अपनाने के लिये भी किसानों को प्रेरित करने पर जोर दिया। श्री सक्सेना ने बैठक में उपस्थित किसान संघों के प्रतिनिधियों से भी अपने स्तर पर विकसित कृषि संकल्प अभियान का समुचित प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया।
बैठक में बताया गया कि जबलपुर जिले में विकसित कृषि संकल्प अभियान के सफल संचालन हेतु जिला एवं विकासखंड स्तर पर चार दल गठित किये गये हैं और रूट चार्ट तैयार किया गया है। रूट चार्ट के अनुसार जिले की 180 ग्राम पंचायतों के 382 ग्रामों में 29 मई से 12 जून तक निरंतर कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। दल क्रमांक-एक द्वारा पनागर विकासखण्ड की 24 ग्राम पंचायतों के 75 ग्रामों एवं जबलपुर विकासखंड की 21 ग्राम पंचायतों के 44 ग्रामों, दल क्रमांक-दो द्वारा शहपुरा विकासखण्ड की 24 ग्राम पंचायतों के 44 ग्रामों एवं पाटन विकासखंड की 21 ग्राम पंचायतों के 53 ग्रामों, दल क्रमांक-तीन द्वारा सिहोरा विकासखण्ड की 24 ग्राम पंचायतों के 55 ग्रामों एवं कुण्डम विकासखंड की 21 ग्राम पंचायतों के 38 ग्रामों तथा दल क्रमांक-चार द्वारा मझौली विकासखण्ड की 45 ग्राम पंचायतों के 73 ग्रामों में कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को लाभांवित किया जायेगा।