शिकायतों के निराकरण के मामले में कटनी प्रथम समूह में अव्वल
पुलिस, जिला पंचायत और नगर निगम ने भी हासिल किया ए ग्रेड
कटनी –
कटनी जिले ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के मामले में कीर्तिमान बना दिया है। कटनी कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव द्वारा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण के नियमित अनुश्रवण और पर्यवेक्षण की वजह से कटनी जिले ने प्रथम समूह के 28 जिलों में प्रथम स्थान अर्जित किया है। राज्य शासन द्वारा शुक्रवार को प्रदेश के जिलों की सीएम हेल्पलाइन के शिकायतों के निराकरण के आधार पर जारी की गई ग्रेडिंग में कटनी जिले ने 85.09 वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेड हासिल कर प्रथम स्थान अर्जित किया है।
कटनी अग्रणी
कटनी जिला प्रथम समूह के 28 जिलों में अव्वल रहा है। कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने विभागों के अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में और अधिक संवेदनशीलता के साथ परिणामोन्मुखी प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। जिले में बीते मई माह में प्राप्त कुल 9 हजार 418 शिकायतों में से 85.09 वेटेज स्कोर के साथ जिले ने ए ग्रेड हासिल कर 50.76 वेटेज स्कोर के साथ शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया गया।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री यादव के द्वारा सीएम हेल्पलाइन की निरंतर समीक्षा के परिणामस्वरूप कटनी जिला पिछले 11 माहों से लगातार प्रदेश के 5 अग्रणी जिलों में शामिल है।
कलेक्टर ने दी शाबाशी
इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने जिला प्रशासन के अमले को शाबाशी देते हुए भविष्य में भी इसी जोश और जज्बे के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन प्रशासन में शुचिता, पारदर्शिता तथा सुशासन का बेहतर माध्यम होने के साथ ही आमजन की समस्याओं के निराकरण का भी अच्छा माध्यम है। उन्होंने कहा कि हमारा सदैव यह प्रयास होना चाहिए कि लोगों की शिकायतों और समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण कर उन्हें सहूलियत दी जाए। शिकायतों के त्वरित और संतुष्टिपूर्ण निराकरण से आमजन का प्रशासन पर भरोसा बढ़ता है।
समय- सीमा बैठक में समीक्षा
कलेक्टर श्री यादव ने बताया कि शिकायतों के निराकरण में आने वाली कठिनाई को दूर करने तथा समय-सीमा में निराकरण के लिए विभागीय अधिकारियों को मार्गदर्शन और आपरेटर को जिला स्तर पर प्रशिक्षण दिया गया।जिला अधिकारियों के साथ ही मैदानी अमला भी शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर त्वरित निराकरण के लिए पूरी गंभीरता और तत्परता से कार्य करते हैं। उचित मार्गदर्शन से शिकायत उच्च स्तर पर जाने के पूर्व ही फर्स्ट लेवल में ही निराकरण कर लिया जाता है।
कलेक्टर श्री यादव ने सभी अधिकारियों को यह निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का केवल निराकरण ही नहीं करना है, बल्कि निराकरण संतुष्टिपूर्ण हो, इसका हमेशा प्रयास किया जाए। इसके लिए जरूरी है समस्या के निराकरण होने तक शिकायतकर्ता से सतत संपर्क एवं संवाद बनाए रखा जाए।
कलेक्टर करते हैं मॉनिटरिंग
कलेक्टर सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित और संतुष्टिपूर्ण निराकरण की प्रतिदिन नियमित रूप से सभी विभागों की सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के गहन समीक्षा करते हैं। इसके साथ ही प्रत्येक सप्ताह आयोजित होने वाली समय -सीमा बैठक में भी सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की गहन समीक्षा की जाती है। जिला स्तर पर समीक्षा के साथ ही अनुभाग और जनपद स्तर पर भी समीक्षा की जाती है तथा संबंधित विभागों के जिला अधिकारी भी इसकी नियमित समीक्षा और निराकरण के लिए कार्य करते हैं।
शिकायतकर्ता से संवाद
लोकसेवा के जिला प्रबंधक दिनेश विश्वकर्मा द्वारा कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम से हर शिकायत की निगरानी की जाती है। सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और ग्रामीण अमले द्वारा शिकायतकर्ता से सतत संवाद कायम कर संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाता है। यदि शिकायतों और समस्याओं के निराकरण में कोई कठिनाई आती है तो शिकायतकर्ता से व्यक्ति शुरू सम्पर्क किया जाता है और उन्हें उस शिकायत के संबंध में वस्तुस्थिति से अवगत कराया जाता है।
कलेक्टर के भगीरथ प्रयास
कलेक्टर श्री यादव के द्वारा जिले में पदभार ग्रहण करने के समय जिले की प्रथम समूह के जिलों में तीसरा स्थान था। इसके बाद कलेक्टर द्वारा सतत समीक्षा की वजह से रैंकिंग में सुधार हुआ और जिले ने प्रथम समूह के जिलों में दूसरा स्थान हासिल किया था।
पुलिस ,नगर निगम और जिला पंचायत ने भी हासिल किया ए ग्रेड
कलेक्टर श्री यादव के मार्गदर्शन में सीएम हेल्पलाइन की संतुष्टिपूर्ण शिकायतों के निपटारे के मामले में कटनी जिले के पुलिस विभाग को तीसरा स्थान मिला है। पुलिस विभाग ने मई माह में 660 शिकायतों में से 56.27 वेटेज स्कोर के साथ संतुष्टिपूर्ण निराकरण कर ‘ए’ ग्रेड हासिल किया। जबकि जिला पंचायत अपने समूह में 50.96 वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेड में तथा नगर निगम द्वारा पांचवें स्थान पर रहकर मई माह में प्राप्त 578 शिकायतों का 53.88 वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेड हासिल किया है। इस प्रकार जहां कटनी पुलिस ने कुल 91.45 वेटेज स्कोर हासिल किया है। वहीं जिला पंचायत ने 88.11 वेटेज स्कोर और नगर निगम ने 91.84 वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेड अर्जित किया है। कलेक्टर श्री यादव ने इन सभी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लगनशीलता की सराहना की है।