बच्चों पर सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को लेकर कर्नाटक सरकार ने बड़ा कदम उठाया है।
कर्नाटक
कर्नाटक के मुख्यमंत्री Siddaramaiah ने विधानसभा में घोषणा करते हुए कहा कि राज्य में 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाएगा। सरकार का मानना है कि कम उम्र में सोशल मीडिया का अत्यधिक इस्तेमाल बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, पढ़ाई और सामाजिक व्यवहार पर नकारात्मक असर डाल रहा है।
सरकार के अनुसार कई मामलों में देखा गया है कि बच्चे ऑनलाइन लत, साइबर बुलिंग और अनुचित सामग्री के संपर्क में आ रहे हैं। इसी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है ताकि बच्चों को सुरक्षित डिजिटल माहौल मिल सके और वे पढ़ाई व स्वस्थ गतिविधियों पर अधिक ध्यान दे सकें।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि इस फैसले को लागू करने के लिए तकनीकी और कानूनी व्यवस्था तैयार की जा रही है। साथ ही अभिभावकों और स्कूलों को भी जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
सरकार के इस फैसले पर समाज के अलग-अलग वर्गों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां कई लोग इसे बच्चों के भविष्य के लिए जरूरी कदम बता रहे हैं, वहीं कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि पूर्ण प्रतिबंध की बजाय सुरक्षित और नियंत्रित उपयोग की व्यवस्था ज्यादा प्रभावी हो सकती है। फिलहाल इस फैसले ने देशभर में सोशल मीडिया और बच्चों की सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़दी है।




