सदस्यों ने लहरों के बीच परखीं विकास योजनाएं; जल निगम के इंटेकवेल और केज कल्चर का किया लाइव निरीक्षण
जबलपुर:
जिला पंचायत जबलपुर की सामान्य सभा की बैठक शुक्रवार को एक बेहद अनूठे और नवाचारी अंदाज में संपन्न हुई। जल संवाद: नीर से नीतियों तक” की विशेष थीम पर आधारित यह बैठक बरगी बांध के अथाह जल क्षेत्र में क्रूज पर आयोजित की गई। इस दौरान सदस्यों ने न केवल फाइलों में विकास कार्यों की समीक्षा की, बल्कि मौके पर जाकर परियोजनाओं का धरातलीय निरीक्षण भी किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा गोंटिया की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक के बाद, उपाध्यक्ष विवेक पटेल और मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अभिषेक गहलोत सहित सभी सदस्यों ने क्रूज के जरिए जल निगम के निर्माणाधीन इंटेकवेल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जल निगम के महाप्रबंधक ने बताया कि नर्मदा जल प्रदाय सुनिश्चित करने के लिए जबलपुर सहित चार जिलों में महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
बलपुर को बड़ी सौगात: जिले के कुल 1307 गांवों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाएगी।
योजनाओं का जाल:जबलपुर समूह (848 ग्राम), पायली समूह (186 ग्राम), छीताखुदरी (194 ग्राम) और पडवार-पडरिया समूह (79 ग्राम) के माध्यम से घर-घर जल पहुंचाया जाएगा।
प्रगति: पायली समूह के 50 गांवों में कमिशनिंग का कार्य अंतिम चरणों में है।
मत्स्य पालन की नई तकनीक: ‘केज कल्चर’ का अवलोकन
सामान्य सभा के सदस्यों ने बरगी जलाशय में आधुनिक तकनीक से किए जा रहे मत्स्य पालन (केज कल्चर) का भी अवलोकन किया। इस दौरान अधिकारियों ने राज्य शासन की एकीकृत मत्स्य उद्योग नीति 2026 के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकें।
इस विशेष ‘जल संवाद’ में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विवेक पटेल, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, जल निगम के महाप्रबंधक, मत्स्य विभाग के सहायक मत्स्य अधिकारी राजतिलक धुर्वे सहित जनपद पंचायत जबलपुर, मझौली, कुंडम एवं शहपुरा के अध्यक्ष व जिला पंचायत के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट: मझौली दर्पण न्यूज़




