जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय के सख्त निर्देश पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।
जबलपुर
क्राइम ब्रांच एवं थाना माढ़ोताल की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थ, शराब तस्करी और नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 40 कार्टून में रखी 4,800 बोतल मेक्काटस कप सिरप (कोडीन फॉस्फेट) जब्त की हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जब्त की गई नशीली सिरप की अनुमानित कीमत लगभग 8.64 लाख रुपये बताई जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन फॉस्फेट सिरप की बरामदगी से साफ है कि इसके पीछे संगठित तस्करी नेटवर्क सक्रिय था, जो युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने का काम कर रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त साधनों और आपूर्ति श्रृंखला की भी जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में इस खेप को अन्य जिलों में खपाने की तैयारी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध धंधे के तार किन-किन राज्यों और गिरोहों से जुड़े हैं।
एसपी श्री सम्पत उपाध्याय के नेतृत्व में चल रहे अभियान को जिले में नशे के कारोबार पर अब तक की सबसे सख्त चोट माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे का धंधा करने वालों के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी और आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाइयाँ और तेज की जाएंगी।
इस कार्रवाई से न केवल तस्करों में हड़कंप मचा है, बल्कि आम जनता में यह संदेश भी गया है कि जबलपुर पुलिस नशे के सौदागरों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के मूड में है




