होली एवं रमजान पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला।
जबलपुर
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में यह मार्च संवेदनशील क्षेत्रों में किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता के नेतृत्व में शाम 6:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम से पैदल फ्लैग मार्च प्रारंभ हुआ।
मार्च घंटाघर, बड़ी ओमती, बेलबाग, सराफा, हनुमानताल, घोड़ानक्कास, कोतवाली, बड़ा फुहारा, सुपरमार्केट, मालवीय चौक सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इसके बाद रात 8:30 बजे शासकीय वाहनों से दूसरा फ्लैग मार्च निकाला गया, जो रानीताल, त्रिपुरी, मदनमहल, गोरखपुर, हाईकोर्ट चौक सहित विभिन्न इलाकों से होकर कंट्रोल रूम पहुंचा।
फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, पुलिस लाइन व आरएएफ बल मौजूद रहे। एसपी उपाध्याय ने कहा कि उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई होगी—“किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”




