मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किया मुरैना से वर्चुअल भूमिपूजन
जबलपुर
मुख्यरमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मुरैना में आयोजित स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार कार्यक्रम एवं लाडली बहना सम्मेलन में प्रदेश में 1 हजार 942 करोड़ की 531 नई स्वास्थ्य संरचनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें जबलपुर जिले की बारह नवीन स्वास्थ्य संरचनायें शामिल है, जिनका मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मुरैना के इस कार्यक्रम में वर्चुअल भूमिपूजन किया। करीब 62 करोड 90 लाख रूपये लागत की इन स्वास्थ्य संरचनाओं में से अकेले सिविल अस्पताल रांझी का 29 करोड 09 लाख रूपये से 100 बिस्तरीय अस्पताल में उन्न्यन किया जायेगा। इसी प्रकार शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) में 16 करोड़ 63 लाख रूपये में क्रिटिकल केयर हास्पिटल ब्लॉक का निर्माण किया जायेगा तथा सिविल अस्पताल रांझी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुंडम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मंझौली में 50 – 50 लाख रूपये से ब्लाक पब्लिक हेल्थ युनिट बनाई जायेगी। इसके अलावा पाटन विकासखंड के ग्राम नुनसर एवं कटरा, शहपुरा विकासखंड के ग्राम पिपरियाकला, जबलपुर के बिलहरी एवं महगवां, पनागर विकासखंड के ग्राम कुशनेर तथा कुंडम विकासखंड के ग्राम चौरई में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन एवं आवास गृहों का निर्माण किया जायेगा। प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन के निर्माण पर 2 करोड 95 लाख 40 हजार रूपये की लागत आयेगी।