राज्य शासन के निर्देशानुसार गीता जयंती के उपलक्ष्य में कल 11 दिसम्बर को दोपहर 2 बजे गोलबाजार स्थित शहीद स्मारक प्रेक्षागृह में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जायेगा।
जबलपुर
संत महात्माओं के सानिध्य एवं विद्वतजनों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किये जा रहे इस महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीता पाठ एवं प्रदर्शनी सहित विविध गतिविधियां होंगी।
जबलपुर पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत सिंह के अनुसार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रम में गीता का महत्व, गीता पाठ एवं व्यवहारिक जीवन पर केन्द्रित व्याख्यान भी होगा। आयोजन में बच्चों, युवाओं तथा स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों की भी सहभागिता होगी। इसके साथ ही स्वामी गोविन्द देव गिरी जी महाराज द्वारा अनुप्रेरित गीता परिवार द्वारा स्कूली बच्चों, महाविद्यालयीन छात्रों के उपयोग हेतु वीडियों का प्रसारण समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में कराया जायेगा, ताकि आगामी पीढी गीता के महत्व एवं दैनिक जीवन में उपयोग पर चर्चा हो सके।
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग, महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ उज्जैन, परशुराम कल्याण बोर्ड, जिला प्रशासन एवं विजयाश्री ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।