लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर का जीवन चरित्र महिलाओं के लिए प्रेरणादायक हैl
जबलपुर
महिलाएं देवी अहिल्या के जीवन से सीख लेकर अपने जीवन में आगे तो बढ़ ही रही हैं, साथ ही जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना कर वे सफलता की पराकाष्ठा पर अपना नाम सदैव के लिए अंकित भी कर रही हैं।
जबलपुर जिले में खाद्य आपूर्ति नियंत्रक के पद पर पदस्थ श्रीमती नुजहत बकई ने बताया कि अल्पसंख्यक समाज की महिलाओं को शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में आज भी वैचारिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन उन्हें जीवन के हर कदम पर परिवार का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ है। परिवार के सहयोग के बल पर ही उन्होंने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा को तीन बार उत्तीर्ण कर विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने बताया कि खाद्य विभाग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से महिलाओं के उत्तम पोषण, उत्तम स्वास्थ्य एवं आर्थिक उत्थान के लिए कार्य करता है। सर्वविदित है कि खाद्य विभाग का मूल कार्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से खाद्यान्न का वितरण करना है। इसके साथ ही विभाग द्वारा महिलाओं के माध्यम से उचित मूल्य दुकानों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में स्व सहायता समूह के माध्यम से लगभग दो सौ दुकानों का संचालन किया जा रहा है। साथ रबी एवं खरीफ के मौसम में धान और गेहूं खरीदी भी महिला स्वास्थ्य समूह क्लस्टर लेवल फाउंडेशन के माध्यम से की जाती है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं को शिक्षित करने की अनिवार्यता पर जोर दिया और कहा कि जब एक महिला शिक्षित होती है तो पूरा परिवार शिक्षित होता है। महिलाओं की शिक्षा के लिए परिवार और उनके माता पिता की महती भूमिका होती है।