सुबह 9 बजे या उसके बाद लगेंगी नर्सरी से पांचवी तक की कक्षाएं सुबह 8.30 बजे से लगेंगी छटवीं से बारहवीं तक की क्लास
जबलपुर
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने तापमान में हो रही गिरावट और इसका विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ने की आशंका के मद्देनजर जिले के समस्त शैक्षणिक संस्थानों के समय में परिवर्तन का आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में 19 नवंबर से कक्षा नर्सरी से पांचवीं तक की कक्षाएं प्रातः 9:00 बजे या इसके पश्चात प्रारंभ होंगी। इसी प्रकार छटवीं से 12वीं तक की कक्षाएं प्रातः 8:30 बजे से प्रारंभ की जाएंगी।
यह आदेश जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई, नवोदय एवं केंद्रीय विद्यालय शैक्षणिक संस्थाओं पर लागू होगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि परीक्षाएं निर्धारित समय सारिणी अनुसार यथावत संपन्न कराई जाएंगी।




