लोक निर्माण मंत्री ने की गर्मियों के मद्देनजर शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा
जबलपुर
लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने शहर के उन क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश नगर निगम अधिकारियों को दिये है, जहां गर्मियों में नागरिकों को जल संकट का सामना करना पड़ता है। लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह आज सोमवार को सर्किट हाउस में ग्रीष्मकाल के मद्देनजर शहर के समस्यामूलक क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने बैठक में नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि ऐसे क्षेत्रों को अभी से चिन्हित कर लें जहां गर्मियों के दौरान लोगों को समस्या का सामना करना पड़ता है। उन्होंने ऐसे क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति का विधानसभावार और वार्डवार प्लान तैयार करने की हिदायत नगर निगम के अधिकारियों को दी। श्री सिंह ने कहा कि एक सप्ताह बाद फिर से शहर के समस्यामूलक क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिये की जा रही तैयारियों की समीक्षा की जायेगी। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को अगली बैठक में कहां-कहां पेयजल की समस्या हो सकती है और उसका कैसे निराकरण होगा इसकी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिये।
लोक निर्माण मंत्री ने अमृत फेज-टू में शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए बनाई गई डीपीआर में विधानसभा और वार्डवार शामिल किये गये कार्यो की विस्तृत जानकारी भी अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश निगम अधिकारियों को दिये। बैठक में महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक श्री अशोक रोहाणी एवं डॉ. अभिलाष पांडे, नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज, पूर्व मंत्री श्री अंचल सोनकर एवं शरद जैन, पार्षदगण श्री पंकज दुबे, श्री अजय तिवारी, नगर निगम के अपर आयुक्त (वित्त) विद्यानंद बाजपेयी, नगर निगम के कार्यपालन यंत्री कमलेश श्रीवास्तव भी मौजूद थे।