कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत रहे मौजूद
14 वर्ष आयु वर्ग की सभी बालिकाओं को निःशुल्क लगाया जायेगा एचपीवी का टीका.
जबलपुर
महिलाओं में होने वाली सर्वाइकल कैन्सर की जानलेवा बीमारी से बचाव और सुरक्षा के उद्देश्य से जिले में 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाने के अभियान का जिला स्तर पर शुभारंभ आज शनिवार को जिला अस्पताल में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में एचपीवी का टीका लगवाने आईं सभी किशोरियों का गुलाब का फूल देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय मिश्रा भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जिले के सभी नागरिकों से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी का टीका अनिवार्य रूप से लगवाने का आग्रह किया। श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि एचपीवी की वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है तथा महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैन्सर से सुरक्षा प्रदान करेगा।
जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय मिश्रा ने बताया कि सर्वाइकल कैन्सर से बचाव की दिशा में यह अभियान बडा कदम है। इस टीके की एक खुराक का बाजार मूल्य पांच हजार रुपये से अधिक है। महिलाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य को देखते 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को यह टीका बिल्कुल निःशुल्क लगाया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि एचपीवी का टीका लगाने की शुरुआत जिले की 13 स्वास्थ्य संस्थाओं से की जा रही। जल्दी ही इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी ताकि सभी बच्चियों को उनके निकट ही टीका लगवाने की सुविधा मिल सके।




