जिले में 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
कटनी
इस संबंध में जिला पंचायत की सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशों के तहत आयोजित होने वाली इन ग्राम सभाओं में महिलाओं के अधिकार, सशक्तिकरण, सरकारी योजनाओं की जानकारी और ग्राम स्तर पर महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा की जाएगी।
जारी निर्देशों के अनुसार जिले के प्रत्येक गांव में पूर्व से नियुक्त नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में निर्धारित एजेंडा के अनुसार ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। इन सभाओं के माध्यम से महिलाओं से जुड़े विषयों, योजनाओं के क्रियान्वयन और ग्राम विकास में उनकी भूमिका पर संवाद किया जाएगा।
जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने सभी अनुभागीय अधिकारी (राजस्व), जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, संबंधित नोडल अधिकारियों, ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव और ग्राम रोजगार सहायकों को ग्राम सभाओं के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर रहेगा विशेष फोकस
प्रशासन का उद्देश्य है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ग्राम सभाओं के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया जाए, उनकी समस्याओं को सुना जाए और उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाया जा सके।




