पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्महाउस पर चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है।
महू
यह फार्महाउस इंदौर जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के अवलीपुरा गांव में स्थित है और बताया जा रहा है कि यह आईएएस अधिकारी वंदना वैद्य, और उनके पति अंबरीश वैद्य के नाम पर दर्ज है।
पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान फार्महाउस के अंदर जुआ खेलते हुए 18 जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि 5 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। कार्रवाई में पुलिस ने 13 लाख रुपये से अधिक नकद, ताश के पत्ते और करीब 30 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बरामद नकदी और अन्य सामान मिलाकर **करीब 28 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।
जानकारी के मुताबिक जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो फार्महाउस का मुख्य गेट अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस ने पीछे के रास्ते से अंदर प्रवेश कर छापेमारी की और जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए जुआरियों ने बताया कि वे पहली बार इस जगह पर आए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस जुआ अड्डे का संचालन जगदीश राठौर उर्फ कूबड़ा करता है, जो पुलिस से बचने के लिए समय-समय पर अड्डे बदलता रहता है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, फार्महाउस के मालिकाना हक को लेकर भी जांच की जा रही है। इस मामले में अभी तक आईएएस अधिकारी वंदना वैद्य की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




