सेना भर्ती कार्यालय जबलपुर के मेजर श्री नवीन कुमार ने बताया कि मुख्यालय भर्ती क्षेत्र (मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़) में 01 सितंबर 2022 से मध्य प्रदेश में अग्निपथ योजना के तहत भर्ती रैलियों का आयोजन किया जा रहा है।
भोपाल
सितंबर के महीने में एआरओ महू द्वारा धार में और एआरओ जबलपुर द्वारा जबलपुर कैंट में अग्निवीर भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाएगा। बाद में एआरओ ग्वालियर और एआरओ भोपाल के द्वारा सागर और भोपाल में अग्निवीर भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाना है। धार और जबलपुर कैंट में अग्निवीर भर्ती रैलियों के लिए पंजीकरण 03 अगस्त 2022 को समाप्त हो जाएगा और भर्ती रैलियां 01 सितंबर 2022 और 15 सितंबर 2022 से शुरू होंगी। अग्निपथ योजना के तहत भर्ती के लिए राज्य के युवाओं की प्रतिक्रिया उत्साहजनक रही है। अब तक युवाओं द्वारा रिकॉर्ड पंजीकरण किया गया है और इस कार्य में राज्य प्रशासन ने सराहनीय भूमिका निभाई है। लेकिन, अभी भी कुछ जिले ऐसे हैं जहां पंजीकरण अपेक्षा से बहुत कम है। इन क्षेत्रों के युवाओं के पास अपना पंजीकरण कराने के लिए (03 अगस्त 2022 तक) तीन दिन बचे हैं। आशा है इन क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवक इस अवसर का लाभ उठाकर जल्द से जल्द अपना पंजीकरण कराएंगे। इस काम में प्रशासन और सेना भर्ती कार्यालय युवाओं की हर संभव मदद करने को तैयार है।