नगर परिषद मझौली के वार्ड क्रमांक 3 से लगातार मिल रही जनशिकायतों के बाद आखिरकार नगर परिषद प्रशासन को मौके पर उतरना पड़ा।
मझौली
शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद कार्यालय मझौली के सीएमओ एवं इंजीनियर अमित बघेल ने वार्ड क्रमांक 3 पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।
स्थानीय नागरिकों द्वारा लंबे समय से सफाई व्यवस्था, नाली निकासी, सड़क की बदहाली और मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी को लेकर शिकायतें की जा रही थीं। बार-बार ज्ञापन और मौखिक शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई थी, जिससे वार्डवासियों में खासा आक्रोश देखने को मिल रहा था।
मौके पर निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वार्ड की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कई स्थानों पर नालियों की जाम स्थिति, कचरे का ढेर और क्षतिग्रस्त सड़कों को देखकर अधिकारियों को भी व्यवस्थागत लापरवाही स्वीकार करनी पड़ी।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक सुधार कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए, वहीं इंजीनियर अमित बघेल ने तकनीकी खामियों को चिन्हित करते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि वार्ड में लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा और भविष्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वार्डवासियों ने उम्मीद जताई कि यह निरीक्षण केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि जमीनी स्तर पर वास्तविक सुधार देखने को मिले। लोगों का कहना है कि यदि इस बार भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे पुनः आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
लगातार शिकायतों के बाद हुआ यह निरीक्षण नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल भी खड़े करता है, वहीं अब देखना यह होगा कि प्रशासन अपने वादों पर कितना खरा उतरता है।




