जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की हकीकत जानने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
कटनी
शुक्रवार को निधि गोहल और युजवेंद्र कोरी ने संयुक्त रूप से कई ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर खामियां सामने आईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिकारियों ने कटनी जिले के ढीमरखेड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बांध और ग्राम पंचायत सगौना में चल रही जल जीवन मिशन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण कलेक्टर आशीष तिवारी और जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर किया गया, ताकि ग्रीष्मकाल में ग्रामीणों को पर्याप्त और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान कई तकनीकी और व्यवस्थागत कमियां सामने आईं। ग्राम पंचायत बांध में संपवेल और पानी की टंकी में लीकेज पाया गया, जबकि टंकी की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल भी नहीं बनाई गई थी। कई घरों तक पानी की सप्लाई नहीं पहुंच रही थी और कई स्थानों पर नलों में टोंटी व स्टेंडपोस्ट भी नहीं लगे पाए गए।
इसी तरह ग्राम पंचायत सगौना के ग्राम हर्रई में भी संपवेल में लीकेज, नलों में टोंटी और स्टेंडपोस्ट की कमी तथा चैंबर में ढक्कन नहीं लगाए जाने जैसी लापरवाहियां सामने आईं।
निरीक्षण के बाद एसडीएम निधि गोहल और जनपद पंचायत सीईओ युजवेंद्र कोरी ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन की परियोजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने से पहले सभी कमियों को तुरंत दूर किया जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गर्मी के मौसम में पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि समय रहते सुधार नहीं किए गए तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है।




