मझौली में ट्रैक्टर रैली से होगा शक्ति प्रदर्शन
मझौली/जबलपुर।
मझौली में किसान संघ के बैनर तले बीते 10 दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन के बावजूद जब शासन-प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी, तो आहत किसानों ने अब सड़कों पर उतरने का फैसला कर लिया है। इसी कड़ी में आज किसान संघ इकाई मझौली ट्रैक्टर रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन करेगी।
किसान संघ का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों, भुगतान और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर शांतिपूर्ण धरना दिया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं। बार-बार ज्ञापन और चेतावनी के बाद भी कोई ठोस पहल न होने से किसानों में भारी रोष है।
किसान नेताओं ने साफ कहा कि ट्रैक्टर रैली शासन-प्रशासन को जगाने का आखिरी प्रयास है। यदि अब भी किसानों की समस्याओं पर गंभीरता नहीं दिखाई गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। ट्रैक्टर रैली को लेकर क्षेत्र में हलचल तेज है और प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है।




