रबी 2025 के लिए लागू शासन की ई-विकास प्रणाली मझौली क्षेत्र में सवालों के घेरे में आ गई है।


मझौली जबलपुर
मध्य प्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित की डबल लॉक शाखा मझौली द्वारा बिना किसी लिखित आदेश के शनिवार को शाखा बंद रखे जाने और ई-टोकन व उर्वरक कूपन होने के बावजूद किसानों को खाद न दिए जाने से किसानों में भारी आक्रोश है। इस गंभीर समस्या को लेकर किसानों ने तहसीलदार मझौली को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में किसानों ने आरोप लगाया कि ई-टोकन व्यवस्था का उद्देश्य समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना था, लेकिन शाखा में अधिकारी-कर्मचारी मनमानी रवैया अपना रहे हैं। न तो शनिवार बंद रखने का कोई आदेश शाखा परिसर में चस्पा है और न ही खाद उपलब्धता से जुड़ी कोई जानकारी दी जा रही है। सीमित अवधि वाले कूपन होने के बावजूद किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि समय पर खाद न मिलने से फसल प्रभावित हो रही है और आर्थिक नुकसान बढ़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए, साथ ही उर्वरक वितरण व्यवस्था को तत्काल सुचारु किया जाए। अब सबकी नजर प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।




