जनजाति कार्य विभाग का वार्षिक परिणाम 80.58 प्रतिशत और 71.54 प्रतिशत
बालाघाट
परिणामों की समीक्षा के बाद करीब 15 प्राचार्यो और शिक्षकों को जारी होंगे नोटिस
कलेक्टर ने की जनजाति कार्य विभाग के स्कूलों के कक्षा 10 और 12 वी के परिणामों की समीक्षा
जबलपुर संभाग के बालाघाट जिला कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने मंगलवार को जनजाति कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित स्कूलों के कक्षा 10 वी और 12 वी के परिणामों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में सम्बंधित जनपदों के बीडीओ और प्राचार्य मौजूद रहें। जिले में जनजाति कार्य विभाग की कक्षा 10 वी में 80.58 प्रतिशत और हायर सेकेंडरी कक्षा 12 में 71.54 प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा। बैठक में 70 प्रतिशत से कम परिणाम देने वाली संस्थाओं के प्राचार्यो से कारण जाने गए। कई प्राचार्यो की ओर से इंग्लिश विषय में समस्या के कारण परिणाम प्रभावित होना बताया गया। बैठक में कलेक्टर डॉ.मिश्रा ने उन प्राचार्यो और शिक्षकों पर कार्रवाई के निर्देश दिए है जो सीधे तौर पर शिक्षा के प्रति जिम्मेदार रहें। इनको कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर स्पष्टिकरण लिया जाएगा। साथ ही कुछ प्राचार्यो और शिक्षकों को सस्पेंड व वेतन रोकने तथा नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं उन संस्थाओं के प्राचार्यो की तारीफ की गई जिन्होंने परिणामों के लिए लगातार अपने स्तर पर प्रयास करते रहें है। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि परिणाम खराब है तो प्रिंसिपल के साथ ही उनकी टीम की भी कमी उजागर होती है। सीएम राइज परसवाड़ा प्राचार्य द्वारा बताया गया है कि शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित सीएम राइज स्कूलों का सेट अप तय हो गया है जबकि जनजाति कार्य विभाग के तहत आने वाले स्कूलों में सेट अप निर्धारत नही हुआ है। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने इसको दुरुस्त करने के लिए मीटिंग से ही पीएस जनजाति कार्य विभाग को अवगत कराते हुए आग्रह किया। साथ ही कुछ स्कूलों में सफाई के लिए अंशकालीन श्रमिक की समस्या निराकरण के निर्देश भी दिए। बैठक में जनजाति कार्य विभाग के सहायक आयुक्त श्री पीएन चतुर्वेदी मौजूद रहे।
इन संस्थाओं के प्राचार्यो और शिक्षकों पर होगी कार्यवाही
समीक्षा में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कम परिणाम देने, संस्था प्रमुख द्वारा समीक्षा नही करने, बेहतर शिक्षा के लिए कोई प्लान नही होने पर करीब 15 प्राचार्यो और शिक्षकों पर कार्यवाही के लिए निर्देश दिए है। इनमें परसवाड़ा बीडीओ श्री ठाकरे का वेतन रोकने तथा डी- कायम करने के निर्देश दिए है। दमोह संकुल प्राचार्य श्री केदारसिंह छेदाम को अनियमित रूप से गिडोरी के प्राचार्य का मेडिकल अवकाश स्वीकृत करने पर नोटिस जारी किया जायेग। सरेखा स्कूल में कक्षा 10 में 58 में 41 विद्यार्थियों के फेल होने पर प्राचार्य को सस्पेंड और कुमादेही प्राचार्य को नोटिस जारी किया जाएगा। मजगांव प्राचार्य को गत वर्ष 84.68 प्रतिशत से सीधे इस वर्ष 13.51 परिणाम देने और पाथरी प्राचार्य को नोटिस जारी किया जाएगा। परसामऊ के पूर्व प्राचार्य श्री साहू और कोडापे नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही अन्य शिक्षकों के वेतन रोकें जायेगे। चंदना के प्राचार्य को 28 में से 26 विद्यार्थियों को इंग्लिश में पूरक आने तथा प्रबंधन की कमी और 17 विद्यार्थियों के फेल होने पर कार्यवाही की जाएगी। सीएम राइज परसवाड़ा प्राचार्य को भी 25 विद्यार्थियों के फेल होने भीड़ी प्राचार्य बैठक से अनुपस्थित रहने पर सस्पेंड और मोहगांव में स्कूल निर्माण में देरी से पढ़ाई प्रभावित होने पर कार्यपालन यंत्री को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए है।
जहॉ प्राचार्यो का प्रबंधन अच्छा रहा वहां परिणाम भी रहे बेहतर
बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने उन प्राचार्यो की सराहना की जिन्होंने अपनी संस्था के लिए अपने व्यक्तिगत प्रयास जारी रखें। इससे उन स्कूलों के परिणाम भी बहुत सराहनीय रहे। इनमें शाउमावि डाबरी, उत्कृष्ठ विद्यालय बैहर,शाउमावि मोहनपुर,शाउमावि उकवा और अन्य प्राचार्यो की सराहना की गई। साथ ही सहायक आयुक्त को ऐसे प्राचार्यो और शिक्षकों के साथ पृथक से लंच का कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए है। बैठक में कक्षा 10 में 96 प्रतिशत प्राप्त करने वाली हिमानी गौतम सीएम राइज विद्यालय परसवाडा को जिले की मेरिट सूची में दूसरा स्थान प्राप्त करने पर प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। साथ ही श्री ज्ञान सिंह धूर्वे प्रभारी प्राचार्य शासकीय हाईस्कूल समनापुर श्री पी.के अंगूरे प्रभारी प्राचार्य शासकीय हाईस्कूल चालीसबोडी, श्री ओमप्रकाश डोहरे प्रभारी प्राचार्य शासकीय उच्च माध्य विद्यालय डाबरी, श्रीमती सुनीता बोरकर प्राचार्य कन्या उच्च माध्य विद्यालय उकवा, श्रीमती चित्ररेखा मेश्राम प्राचार्य शासकीय उच्च माध्य विद्यालय मोहनपूर को भी प्रमाण पत्र प्रदान किये गए।