विधानसभा चुनाव के लिए प्रथम रेण्डमाइजेशन में विधानसभावार आवंटित इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों और व्हीव्हीपेट मशीनों को रामपुर स्थित ईव्हीएम वेयर हाउस के स्ट्रांग रूम से आज गुरूवार को जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय परिसर में बनाये गये स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच शिफ्ट करने का कार्य प्रारंभ हो गया है।
जबलपुर
आज गुरूवार को चार विधानसभा क्षेत्रों जबलपुर पूर्व, पाटन, पनागर एवं जबलपुर केंट की ईव्हीएम और व्हीव्हीपेट मशीनों को रामपुर से जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय तक कड़ी सुरक्षा के बीच राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में लाया गया। यहां इन मशीनों को विधानसभावार बनाये गये स्ट्रांग रूम में रख गया है। शेष चार विधानसभा क्षेत्रों को प्रथम रेंडमाईजेशन में आवंटित ईव्हीएम और व्हीव्हीपेट मशीनों को कल शुक्रवार को शिफ्ट किया जायेगा। इस विधानसभा चुनाव की मतगणना के लिये जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित प्रशासनिक भवन एवं कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग भवन को चिन्हित किया गया है। मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण भी यही से किया जायेगा। मतदान के बाद मतदान सामग्री की वापसी भी यहीं पर होगी।