लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश ने प्रदेशभर के शिक्षकों एवं स्कूल शिक्षा विभाग में कार्यरत समस्त लोकसेवकों के लिए बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है।
भोपाल
जारी आदेश के अनुसार अब **समस्त शिक्षक संवर्ग के लिए आकस्मिक अवकाश (CL) का कैलेंडर वर्ष 01 जनवरी से ही मान्य होगा ठीक अन्य लोकसेवकों की तरह। साथ ही सभी लोकसेवकों की उपस्थिति केवल ई-अटेंडेंस के आधार पर ही मान्य की जाएगी।
संचालनालय द्वारा 31 दिसंबर 2025 को जारी पत्र क्रमांक क./अकादमिक/ह.शि./2025/2480 में स्पष्ट किया गया है कि 01 जनवरी 2026 से सभी प्रकार के अवकाश आवेदन केवल “हमारे शिक्षक” एप के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन अवकाश आवेदन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।
“हमारे शिक्षक” एप से होगी पूरी प्रक्रिया
आदेश के मुताबिक स्कूल शिक्षा विभाग में कार्यरत द्वितीय श्रेणी तक के अकादमिक, लिपिकीय एवं प्रशासनिक अमले को अब CL, OL, EL, HPL, CCL सहित सभी अवकाश “हमारे शिक्षक” एप पर ही आवेदन कर सक्षम अधिकारी से स्वीकृत कराना होगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य अवकाश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और डिजिटल बनाना बताया गया है।
एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर अपडेट अनिवार्य
एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर लोकसेवकों के अद्यतन अवकाश लेखा की प्रविष्टि के लिए अधिकारियों को प्रशिक्षण देकर 03 जनवरी 2026 तक कार्य पूर्ण करने की समय-सीमा** भी तय की गई है।
सख्ती से पालन के निर्देश
संचालनालय ने जिला शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और संकुल प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। यह आदेश आयुक्त के अनुमोदन से जारी किया गया है।
यह फैसला जहां एक ओर शिक्षकों को डिजिटल सुविधा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है, वहीं दूसरी ओर ई-अटेंडेंस और अवकाश व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई पर अब सीधी कार्रवाई की संभावना भी बढ़ गई है।




