संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संभाग के सभी कलेक्टर्स से शासन के कार्यक्रमों एवं प्राथमिकता अभियानों के संबंध में चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये।
जबलपुर
जिसमें मुख्य रूप से राजस्व न्यायालय में लंबित प्रकरणों के संबंध में आयुक्त द्वारा समीक्षा की गई।
संभाग आयुक्त द्वारा अभियान के तौर पर कम प्रगति वाले राजस्व न्यायालयों के अधिकारियों के साथ प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में आज की समीक्षा में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु निर्देश दिए। नामांतरण, सीमांकन, अभिलेख दुरुस्ती के प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत किया जाए।
सीएम हेल्पलाईन, सीपी ग्राम, सीएम मॉनिट, सीएस मॉनिट के लंबित प्रकरणों की समीक्षा पर उन्होंने कहा कि प्रकरणों को समय सीमा में निराकृत करना सुनिश्चित किया जाये।
बाढ़ एवं मानसून पूर्व तैयारियों की सतत समीक्षा के निर्देश भी दिए गए। संभागायुक्त ने ई-ऑफिस संचालन के संबंध में भी समीक्षा की।
वीसी के दौरान उन्होंने टेकहोम राशन, आंगनवाड़ियों व पोषण पुनर्वास केन्द्र के नियमित संचालन और एसएनसीयू में भर्ती बच्चों के फॉलोअप की समीक्षा की। संभागायुक्त श्री सिंह ने कहा कि टेक होम राशन के वितरण की आवश्यक मॉनिटरिंग की जाए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के भूमि आवंटन संबंधी तथा भू-अर्जन प्रकरणों की समीक्षा भी की गई। इसके अलावा संभागायुक्त ने समग्र में ई-केवायसी, मनरेगा के लेबर बजट, प्रधान मंत्री आवास योजना, गंगा जल संवर्धन अभियान, जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी कलेक्टर्स से कहा कि ये महत्वपूर्ण अभियान है, अत: इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाये।