संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह की अध्यक्षता में पाटन के अनुविभागीय राजस्व सह तहसील कार्यालय में महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त पोषण प्रबंधन कार्यशाला सह समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जबलपुर
जिसमें संभागायुक्त द्वारा मैदानी अधिकारी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अंतर्विभागीय समन्वय से बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं में प्रभावी रूप से कार्य करें। साथ ही महिला एवं बाल विकास के विभागीय अमले को निर्धारित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिसमें मुख्य रूप से शत-प्रतिशत गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं की पहचान कर उनका नियमित फॉलोअप तथा पोषण प्रबंधन आदि सुनिश्चित करना, जिला स्तर पर पोषण समितियों की बैठक करने पर चर्चा की गई। इसके साथ ही पोषण ट्रैकर, संपर्क, अनमोल व आरसीएच पोर्टल पर विवरणों को समय पर दर्ज करने तथा फील्ड भ्रमण से पुष्टि करने के निर्देश दिए। मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की आशा व महिला बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संयुक्त रूप से नियमित भ्रमण करें। संभागायुक्त ने आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से हितग्राहियों को टेक होम राशन वितरण और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के पंजीयन एवं एएनसी पंजीयन की समीक्षा भी की। समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि एनीमिया व हाई रिस्क प्रेगनेंसी की रोकथाम के लिए समुचित उपाय करें। उन्होंने संस्थागत प्रसव और नियमित टीकाकरण की भी समीक्षा की। संभागायुक्त श्री सिंह ने सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग के अमले को समन्वय में लेकर शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की मॉनिटिरिंग सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह ने स्वास्थ्य एवं पोषण प्रबंधन की दिशा में किये जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बीमारियों की रोकथाम व निक्षय पोषण बास्केट वितरण के बारे में जानकारी दी।
संभागायुक्त श्री सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी गंभीरता से कार्य करें एवं किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही ना की जाये।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक गहलोत, संयुक्त आयुक्त विकास श्री राजेश दीक्षित, एसडीएम श्री मानवेन्द्र सिंह सहित संभाग, जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




