कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज जिला जल स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित की गई।
जबलपुर
जिसमें मध्यप्रदेश जल निगम द्वारा संचालित परियोजनाओं के क्रियान्वयन तथा जल जीवन मिशन अंतर्गत कार्य प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही पाईपलाइन बिछाने में आ रही बाधाओं को दूर करने के साथ सड़क सुधार जैसे मुद्दे पर गहनता से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये गये। बैठक में बरगी विधायक श्री नीरज सिंह, नगर निगम कमिश्नर श्री रामप्रकाश अहिरवार, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर श्री नाथूराम गोंड तथा संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद थे। जल निगम के महाप्रबंधक श्री संजय वाधवा ने प्रगतिरत समूह जल प्रदाय योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जबलपुर समूह जल व पायली समूह जल प्रदाय योजना मार्च में पूर्ण हो जायेगी, वहीं छीताखुदरी और पड़वार पडरिया समूह जल प्रदाय योजना अप्रैल में पूर्ण होंगे। उन्होंने बताया कि जबलपुर जल प्रदाय योजना में 848 गांव लाभांवित होंगे। पायली जल समूह से जबलपुर के 186, सिवनी के 418 और नरसिंहपुर के 59 गांव को योजना अंतर्गत जल प्रदाय किया जायेगा। वहीं छीताखुदरी ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना में जिले के 363 गांव और पड़वार पडरिया समूह जल प्रदाय योजना से 81 गांव लाभांवित होंगे। बैठक में महाप्रबंधक श्री वाधवा ने मुख्य रूप से पाईपलाइन बिछाने में आ रही बाधाओं के बारे में बताया। जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि आम जन को जल आपूर्ति जैसे महत्वकांक्षी परियोजनाओं के क्रियान्वयन में सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों का सहयोग लेकर पाईपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से शुरू करें। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी सड़क सुधार की जरूरत है, उसे भी पहले की भांति बनायें। इसी प्रकार जल जीवन मिशन अंतर्गत पाईपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों के मरम्मत करने के निर्देश दिये और कार्य प्रगति की समीक्षा की। विधायक श्री नीरज सिंह ने मुख्य रूप से सड़क सुधार के विषय को लेकर चर्चा कर कहा कि रोड रेस्टोरेशन का कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ अनिवार्य रूप से कराना सुनिश्चित करें।




