जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक का आयोजन आज मंगलवार को सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक गहलोत की अध्यक्षता में किया गया।
जबलपुर
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के अध्यक्ष, सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सीईओ श्री गहलोत ने अधिकारियों को बैठक में पश्चातवर्ती गृह में 18 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को प्राइवेट संस्थाओं के सहयोग से रोजगार में संलग्नीकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिशन वात्सल्य के अंतर्गत गैर संस्थागत देखभाल में दिये गये बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी फॉलोअप संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से कराने के निर्देश भी दिये।
सीईओ श्री गहलोत ने अधिकारियों को बाल देखरेख संस्थाओं में निवासरत बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, खाद्यान्न पर्ची एवं समग्र आईडी आदि आवश्यक दस्तावेजों बनाने के निर्देश दिये गये एवं यदि किसी कारण से आधार कार्ड या अन्य दस्तावेज नहीं बने हैं, तो ऐसी स्थिति में शाला में अस्थाई रूप से शिक्षा प्राप्त कराये जाने के व्यवस्था किये जाने के निर्देश दिये गये।
बैठक में उन्होंने भिक्षावृत्ति रोकथाम अभियान निरन्तर गंभीरता से चलाए जाने, सड़क पर रहने वाले बच्चों के लिए आवश्यक व्यवस्था करने, शासकीय सम्प्रेक्षण गृह में होमगार्ड सैनिकों की व्यवस्था किये जाने, पीएम केयर्स फॉर चिन्ड्रन योजना के बच्चों से नियमित संवाद किये जाने तथा पॉक्सो एक्ट, फास्टर केयर योजना एवं दत्तक ग्रहण आदि योजनाओं का नियमित प्रचार-प्रसार किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि नाबालिक बच्चों को रखने वाली संस्थाएं बच्चों की समुचित सुरक्षा के साथ आवश्यक मापदंडों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।




