जिले के आठों विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव कराने गठित मतदान दलों को आज जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय परिसर से ईव्हीएम-वीवीपेट सहित मतदान सामग्री का वितरण किया गया। मतदान दलों को सामग्री वितरण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन पूरे समय वितरण स्थल पर मौजूद रहे और व्यवस्था पर नजर बनाये हुये थे।
जबलपुर
पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह भी काफी देर तक वितरण स्थल पर उनके साथ थे। कलेक्टर ने इस दौरान कई मतदान कर्मियों से चर्चा भी की और उनका उत्साह बढ़ाया।
मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरित करने जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय परिसर में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र का अलग-अलग वितरण केंद्र बनाया गया था। प्रत्येक वितरण केंद्र पर उतनी ही टेबल लगाई गईं थीं जितने उस विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्र हैं। प्रत्येक टेबल के सामने मतदान कर्मियों के लिये कुर्सियों की व्यवस्था भी की गई थी। मतदान दलों को सामग्री वितरित करने 800 कर्मचारियों को तैनात किया गया था। मतदान दलों को उनके टेबल तक पहुंचा कर मतदान सामग्री और ईव्हीएम और वीवीपेट मशीन प्रदान की गई।
मतदान सामग्री प्राप्त करने के बाद मतदान दलों की जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय परिसर से सुबह 11 बजे के आसपास मतदान केंद्रों के लिये रवानगी शुरू हो गई थी। सभी मतदान दलों का सुबह 11 बजे के आसपास मतदान केंद्र पहुँचना शुरू भी हो गया था और शाम 6 बजे के पहले सभी अपने मतदान केंद्र पहुँच चुके थे। मतदान दलों को मतदान केंद्र तक 251 बड़ी और 250 छोटी बसों से से पहुँचाया गया। दो ट्रेक्टर और एक मोटरबोट का इस्तेमाल भी किया गया। मतदान दलों के परिवहन के लिये 501 रुट तय किये गए थे तथा दस प्रतिशत रिजर्व सहित कुल 551 बसों की व्यवस्था की गई।