वार्ड नंबर 9 में नगर परिषद कार्यालय एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के नाम से लगभग एक करोड़ इक्यासी लाख छियालिस हजार रुपये की लागत से निर्मित नगर परिषद भवन अब विवादों के घेरे में आ गया है।
मझौली जबलपुर
जिस भवन का भूमि पूजन पाटन विधायक अजय विश्नोई के करकमलों से, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मौसम पालेवार प्रशासक प्रदीप मिश्रा नगर परिषद पाटन-मझौली तथा जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में बड़े समारोह के साथ किया गया था, उसी भवन में निर्माण के कुछ ही समय बाद दरारें उभर आई हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि 1 अप्रैल 2025 को इसी भवन में विधायक अजय विश्नोई के करकमलों से भव्य प्रवेश उत्सव आयोजित किया गया था, जिसमें नगर परिषद अध्यक्ष से लेकर सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे। अब करोड़ों रुपये की लागत से बने इस भवन में आई दरारों ने निर्माण गुणवत्ता, ठेकेदार की भूमिका और अधिकारियों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जनता पूछ रही है—क्या यह विकास है या भ्रष्टाचार की इमारत? अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी जांच कर कार्रवाई करते हैं या मामला भी कागजों में दबा दिया जाएगा।




