एक्सपायरी नमकीन के 50 पैकेट कराए नष्ट; कोल्ड ड्रिंक और मसालों के सैंपल लेकर जांच हेतु भोपाल भेजे
कटनी/बहोरीबंद:
जिले के नागरिकों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को राजस्व और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने बहोरीबंद और स्लीमनाबाद के व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर औचक कार्रवाई की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवकी सोनवानी ने बताया कि टीम ने सबसे पहले बहोरीबंद स्थित ‘श्री कृष्णा किराना’ स्टोर की जांच की। यहाँ दुकान में विक्रय किए जा रहे सरसों तेल, विभिन्न मसाले, नमकीन और कोल्ड ड्रिंक की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर उनके नमूने लिए गए।
इसके बाद टीम ने स्लीमनाबाद स्थित ‘दिगंबर एजेंसी’ पर दबिश दी। निरीक्षण के दौरान वहां भारी मात्रा में एक्सपायरी डेट (अवधि पार) की नमकीन पाई गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक्सपायरी नमकीन के 50 पैकेट मौके पर ही नष्ट करवा दिए, ताकि वे जनता तक न पहुँच सकें।
दिगंबर एजेंसी में रेड हिन्द ब्रांड की कोल्ड ड्रिंक, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और थम्स अप का बड़ा थोक स्टॉक पाया गया। टीम ने इन सभी पेय पदार्थों के नमूने एकत्र किए हैं। इन सैंपल्स को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों के तहत संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध वैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि मिलावट और एक्सपायरी सामान बेचने वालों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट: मझौली दर्पण न्यूज़




