संविधान दिवस के अवसर पर आज कलेक्टर कार्यालय में संविधान के प्रस्तावना का वाचन कर संविधान दिवस मनाया गया।
जबलपुर
इस अवसर अपर कलेक्टर श्री नाथूराम गोंड सहित सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। इसी प्रकार जिला पंचायत में भी संविधान दिवस मनाया गया।
केन्द्रीय जेल में मनाया गया संविधान दिवस –
संविधान दिवस पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस केन्द्रीय जेल के सुभाष वार्ड सभाग्रह में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बंदियों द्वारा देशभक्ति गीत, स्वरचित निबंध, लेख एवं कविताओं की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। साथ ही बंदियों को संविधान की विशेषताएं, संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक भी किया गया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर ने कहा कि जिस प्रकार परिवार को संभालने के लिए घर में नियम बनाये जाते हैं, उसी प्रकार देश में कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिए भारत के संविधान का निर्माण किया गया है। कार्यक्रम का संयोजन एवं मंच संचालन कल्याण अधिकारी सरिता घारू ने किया। कार्यक्रम में जेल अधीक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बंदीजन उपस्थित रहे।
एमपी ट्रांसको में हुआ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन –
भारतीय संविधान के अमृत काल वर्ष में एमपी ट्रांसको (मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी) के मुख्यालय शक्ति भवन में संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विभाग प्रमुखों सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया।
एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता मानव संसाधन एवं प्रशासन श्री अतुल जोशी ने बताया कि यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश में एमपी ट्रांसको के सबस्टेशनों सहित प्रदेश के विभिन्न कार्यालयों में एक साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कंपनी के अधीक्षण अभियंता श्री राजेश दीक्षित ने किया।