यातायात सुचारु रखने वैकल्पिक मार्गों के दिए सख़्त निर्देश
बाईपास और ब्लैक स्पॉट सुधार को लेकर NHAI को चेतावनी
शहपुरा (जबलपुर) | संवाददाता
नेशनल हाईवे पर शहपुरा के समीप क्षतिग्रस्त पुल के कारण उत्पन्न गंभीर यातायात संकट को देखते हुए कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तात्कालिक और प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन द्वारा फिलहाल वाहनों का आवागमन पाटन मार्ग से डायवर्ट किया गया है। इसके साथ ही शहपुरा में कैथरा रेलवे फाटक से सुरक्षित आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि यातायात व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही जनसुरक्षा से खिलवाड़ मानी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान शहपुरा बाईपास तिराहा को चिन्हित ब्लैक स्पॉट मानते हुए उसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं अंधमूक बाईपास पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर एनएचएआई अधिकारियों को लाइट ब्लिंकर, रेडियम साइन बोर्ड, रेलिंग, स्पीड ब्रेकर सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यदि निर्देशों का पालन नहीं हुआ तो संबंधित एजेंसियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




