जिला आपूर्ति एवं सहायक आपूर्ति अधिकारियों को भी नोटिस जारी किया जायेगा
जबलपुर
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का आगमन 25 अगस्त को प्रस्तावित, कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
अधिकारी-कर्मचारी, अंशकालिक श्रमिक, आउटसोर्स से भर्ती व अन्य कार्यरत कर्मचारियों का वेतन एक तारीख को भुगतान करना होगा
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक संपन्न हुई
कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद जैन को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये है। उन्हें उक्त नोटिस विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने के कारण दिया जा रहा है। कलेक्टर ने विभाग द्वारा 12 लाख 33 हजार एवं एक लाख 87 हजार के भुगतान पर जांच करने के आदेश दिये हैं। इसके लिये एक जांच कमेटी भी बनाई जायेगी। उन्होंने इसी प्रकार से खाद्य आपूर्ति विभाग में प्राप्त शिकायतों का समय सीमा में निराकरण नहीं करने पर जिला आपूर्ति अधिकारी और सहायक आपूर्ति अधिकारियों को भी नोटिस जारी करने को कहा है। उक्त अधिकारियों को नोटिस का संतोषजनक उत्तर समय सीमा में प्रस्तुत करना होगा। संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने पर उक्त अधिकारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में उक्त निर्देश दिये। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयति सिंह, अपर कलेक्टर शेर सिंह मीणा, अपर कलेक्टर नाथूराम गौड़, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे। बैठक में वर्चुअली रूप से अनुभाग के एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ व सीएमओ जुड़े हुये थे।
कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का आगमन 25 अगस्त को जबलपुर जिले में प्रस्ता्वित है। मुख्यमंत्री श्री चौहान, इस अवसर पर कटंगी और जबलपुर में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करेंगें। इस दौरान रोड शो का भी आयोजन किया जायेगा। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रमों को सुचारू रूप से संपादन कराने के लिए अधिकारियों के लिये ड्यूटी आदेश जारी करने के निर्देश दिये हैं। जिससे अधिकारी सौंपे गये दायित्वों का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन कर सकें। कार्यक्रम स्थलों पर बैठक व्यवस्था, मंच व्यवस्था, बेरीकेट, पार्किंग, व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, फूल-मालाओं का प्रबंध और कन्या-पूजन इत्यादि की तैयारियां करने को कहा गया।
कलेक्टर ने राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह संग्रहालय के कार्यों की भी समीक्षा की। संग्रहालय के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। विभागीय अधिकारियों को संग्रहालय की तैयारियां आगामी 18 सितंबर तक पूर्ण करना होगा। उन्होंने संग्रहालय के विस्तार के लिये वन विभाग के भवन को भी खाली कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारी, अंशकालिक श्रमिक, आउटसोर्स से भर्ती कर्मचारी सहित समस्त कार्यरत कर्मचारियों का वेतन एक तारीख तक अनिवार्य रूप से भुगतान करने को कहा है। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को वेतन एवं मानदेय के प्रकरण 31 तारीख तक अनिवार्य रूप से कोषालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि वेतन आहरण में विलंब करने या लापरवाही बरतने वालों पर कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने विभागों से सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारी के स्वत्वों का भुगतान एवं पेंशन प्रकरण समय सीमा पर तैयार कर निराकरण करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम को आवंटित प्लाटों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पोस्ट ऑफिस खोलने के लिये भूमि आवंटित करने के निर्देश दिये। मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। एजी ऑफिस के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पूर्वक प्रगति लाने को कहा। राष्ट्रीय पर्व 26 जनवरी एवं 15 अगस्त में व्यय राशि का भुगतान समय सीमा में करने के निर्देश दिये। उन्होंने जन सुनवाई और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण समय सीमा में करने को कहा। शिकायतकर्ता से संपर्क कर सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण संतुष्टि पूर्वक दर्ज करने को कहा। मानव अधिकार आयोग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग से प्राप्त शिकायतों का भी समय सीमा पर उत्तर भेजने के निर्देश दिये। उन्होंने कमिश्नर के पत्रों व सीएम मॉनिट के प्रकरणों का भी उत्तर समय सीमा में प्रस्तुत करने को कहा।
कलेक्टर ने जिले में मौसमी व संक्रमित बीमारियों की रोकथाम के लिये स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करने के निर्देश दिये। स्वास्थ्य शिविरों का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करने को कहा। जिससे नागरिकों को स्वास्थ्य शिविरों के आयोजनों के तारीखों की जानकारी हो सके। जिससे वे स्वास्थ्य शिविरों मे आकर जांच परीक्षण व उपचार करा सकें। कलेक्टर ने मौसमी व संक्रमित बीमारियों की रोकथाम के लिये मैदानी अमले को सतर्क रहने को कहा है। किसी भी प्रकार की बीमारियां फैलने पर मैदानी अमले को वरिष्ठ कार्यालय को तत्काल सूचना देनी होगी। जिससे कि मौसमी व संक्रमित बीमारियों को फैलने से रोका जा सके या रोकथाम किया जा सके। कलेक्टर ने समय सीमा की बैठक में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना, सर्व शिक्षा अभियान, राजस्व अभिलेखागार, कृषि विभाग, लोक निर्माण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, विद्युत विभाग, पीएचई विभाग, राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की।