कलेक्टर दीपक सक्सेना ने आज शाम राजस्व महाभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुये जिले में पदस्थ सभी राजस्व अधिकारियों को अपने-अपने परफार्मेंस में सुधार लाने के निर्देश दिये हैं।
जबलपुर
कलेक्टर श्री सक्सेना ने बैठक में कहा कि राजस्व अधिकारियों को आरसीएमएस में दर्ज नामांतरण के सभी अविवादित प्रकरणों को एक-दो दिन के भीतर निराकरण कर लेना होगा। उन्होंने बंटवारा और सीमांकन के प्रकरणों तथा नक्शा तरमीम के प्रकरणों के निराकरण को भी गति देने के निर्देश दिये। श्री सक्सेना ने राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए पटवारियों के कार्यों की निरंतर समीक्षा करने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि राजस्व अभियान की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा करेंगे तथा राजस्व अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर उनके परफार्मेंस की रिपोर्ट लेंगे। उन्होंने अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को भी अपने स्तर पर राजस्व अभियान की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिये।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह एवं अपर कलेक्टर नाथूराम गौंड भी मौजूद थे।