स्टील अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड एवं जिला प्रशासन के बीच एम.ओ.यू साइन4 50 हितग्राहियों को किया जायेगा कृत्रिम अंग का वितरण
कटनी –
जिले के साढे चार सौ दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों एवं कृत्रिम अंग मुहैया कराने के लिए कलेक्टर अवि प्रसाद के प्रयासों के फलीभूत होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इसके लिए कलेक्टर ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया के प्रबंधन से चर्चा कर जिले के दिव्यांगजनों के हित में जरूरी उपकरण व कृत्रिम अंग प्रदान करने 9 लाख रूपये की राशि व्यय करने पर सहमति जताई। कलेक्टर अवि प्रसाद की विशेष मौजूदगी में स्टील अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड एवं भिलाई इस्पाल संयंत्र, कुटेश्वर चूना पत्थर खदान, एवं उप संचालक, सामाजिक न्याय विभाग, के बीच आज शुक्रवार को मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टेंडिंग हस्ताक्षरित किया गया।
इस दौरान कुटेश्वर चूना पत्थर खदान की ओर से श्री मनोज कुमार, जी0एम0 एवं सामाजिक न्याय विभाग की ओर से उपसंचालक, श्री नयन कुमार सिंह उपस्थित रहे।
अनुबंधित एम.ओ.यू के अनुसार दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग प्रदाय हेतु कुटेश्वर चूना पत्थर माईनस द्वारा 9 लाख रूपये की राशि प्रदाय की जायेगी । राशि का उपयोग शर्त अनुसार मध्य प्रदेश एवं भिलाई इस्पात संयंत्र के बीच कुटेश्वर चूना पत्थर खदान के आस- पास के क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांग जनों को कृत्रिम अंग तथा उपकरण एलिम्को (भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम) के माध्यम से उपलब्ध कराना निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत सुनिश्चित किया जायेगा।
सामाजिक न्याय विभाग को राशि प्रदाय होने के उपरांत शासकीय संस्था एलिम्को से कृत्रिम अंग प्राप्त कर समारोह पूर्वक कुटेश्वर क्षेत्र के दिव्यांग जनों को दो माह के अंदर वितरित किया जायेगा । इसके अलावा जिले के अन्य दिव्यांगजनों को भी सम्मिलित करने का निर्णय लिया गया है। जिले में दिव्यांग हितग्राहियों हेतु प्रथम बार किये गए इस नवाचार के तहत जिले के लगभग 450 दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राईसायकल, कान के हियरिंग मशीन, बैसाखी, पैड, मोटराईज्ड सायकल दी जायेगी।