मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान आज बुरहानपुर से लाड़ली बहना योजना की हितग्राही बहनों के खातों में करेंगे राशि का अंतरण
कटनी
– मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना 2023 अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में पात्र महिला हितग्राहियों को माह अक्टूबर 2023 की मासिक आर्थिक सहायता राशि निर्धारित तिथि 10 अक्टूबर 2023 के स्थान पर अब 04 अक्टूबर 2023 बुधवार को समय दोप. 12ः15 बजे जिला बुरहानपुर में अंतरित की जानी है। उक्त कार्यक्रम का वेबकास्ट एवं दूरदर्शन पर सजीव प्रसारण किया जायेगा।
कलेक्टर श्री अवि प्रसाद ने आदेश जारी कर आयुक्त नगर पालिक निगम, जनपद पंचायतों के समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद् कैमोर, विजयराघवगढ़ एवं बरही को में 04 अक्टूबर 2023 को उत्सवी माहौल के साथ आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को जिले के प्रत्येक ग्राम एवं नगरीय निकाय वार्ड में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अुनसार महिला हितग्राहियों को दिखाये जाने के निर्देश दिए है।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने कार्यक्रम आयोजन के दौरान जनप्रतिनिधियों, लाडली बहना सेना के सदस्यों, जनसेवा मित्र, पेसा मोबिलाइजर, जन अभियान परिषद की प्रस्फुटन समितियों, अंत्योदय समितियाँ, महिला स्वसहायता समूहों, स्वच्छता दूतों, किसान मित्र, सहयोगिनी मातृ समितियों, शौर्यादल के सदस्यों एवं स्वयंसेवी संगठनों की प्रत्येक स्तर पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर गरिमा मय रूप से कार्यक्रम पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया है।