कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह एवं निगमायुक्त श्री राम प्रकाश अहिरवार ने शहर के विकास और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के साथ स्मार्ट सिटी कार्यालय में बैठक की।
जबलपुर
इस बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की प्रगति का बारीकी से विश्लेषण किया और शहर की तस्वीर बदलने के साथ अन्य कार्यों को भी बेहतर ढंग से करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पीएम आवास योजना के तहत शहर में छह प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की गई। जिसमें मोहनिया, कुदवारी, तेवर, परसवाड़ा (ए और बी) तथा तिलहरी शामिल हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि आवासों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण हो और इन्हें समय सीमा के भीतर हितग्राहियों को सौंपा जाए।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि नगर निगम के सुव्यवस्थित कचरा प्रबंधन और प्लांट संचालन के दम पर इस वर्ष स्वच्छता रैंकिंग में जबलपुर और भी बेहतर सुधार दर्ज करेगा।
शहर की जलापूर्ति और सीवर व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अमृत योजना के कार्यों पर चर्चा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के कारण जनता को असुविधा न हो और सीवर व जल प्रदाय के प्रोजेक्ट्स को निर्धारित डेडलाइन में पूरा किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने पीएम स्वनिधि के कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। इसके साथ उन्होंने अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में स्मार्ट सिटी के सीईओ अनुराग सिंह के साथ नगर निगम के सभी विभागीय प्रमुख आदि उपस्थित रहे।




