शहर के नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने आज शनिवार को रमनगरा, भोंगाद्वार और गौर नदी स्थित जल शोधन संयंत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
जबलपुर
इस दौरान उन्होंने न केवल व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि स्वयं पानी पीकर उसकी शुद्धता को परखा। पानी के विभिन्न मानकों की जांच के बाद रिपोर्ट संतोषजनक पाई गई। कलेक्टर श्री सिंह ने संतुष्टि व्यक्त करते हुए कहा कि शहर में की जा रही जल आपूर्ति पूरी तरह से पीने योग्य और मानक स्तर की है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल की शुद्धता की डेली जांच सुनिश्चित की जाए। जल स्रोतों और पाइपलाइन में किसी भी प्रकार के लीकेज या प्रदूषण की संभावना को तुरंत खत्म किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों तक पहुंचने वाला पानी हर हाल में संक्रमण मुक्त होना चाहिए।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान नगर निगम का तकनीकी अमला भी सक्रिय रहा। मौके पर अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, सहायक यंत्री राजेश खंपरिया, उपयंत्री मंसूरी और शमीम खान सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।




