19.8 C
Jabalpur
Saturday, October 11, 2025

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जबलपुर में गणतंत्र दिवस समारोह में की घोषणा

औद्योगिक विकास की रफ्तार तेज होगी
भोपाल के बाद अब जबलपुर में बनेगा ग्लोबल स्किल पार्क
महाकौशल के विकास पर विशेष फोकस
रविदास जयंती से हितग्राहियों को मिलेंगे योजनाओं के लाभ

जबलपुर

मध्यप्रदेश के विकास के लिये हर नागरिक अपनायें एक नेक कार्य
17 करोड़ हाथ आगे बढ़ाकर बनायें मध्यप्रदेश
जबलपुर के निकट भटौली क्षेत्र में बनेगा इंडस्ट्रियल टाउन

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिहं चौहान ने कहा है कि मध्य प्रदेश को आगे बढ़ाने और विकास के लाभ दिलवाने के लिये हर नागरिक अपना योगदान दे। मध्यप्रदेश के नागरिक कोई एक नेक कार्य अपनाएं। इनमें पौधे लगाना, पर्यावरण संरक्षण पानी बचाना, बिजली की बचत, नशा मुक्ति अभियान शामिल हों। प्रदेश के 8:50 करोड़ निवासी अर्थात 17 करोड हाथ मध्यप्रदेश को बनाने में सक्रिय हों। जनता के सहयोग से ही मध्य प्रदेश को आगे बढ़ाएंगे। हर नागरिक सर्वश्रेष्ठ योगदान दे। जन भागीदारी के मंत्र से आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश का निर्माण करें। सरकार के साथ सभी के सहयोग से हमें मध्यप्रदेश बनाना है। प्रदेश के साढ़े आठ करोड़ नागरिकों के 17 करोड़ हाथ आगे आयें और विकसित मध्य प्रदेश के लक्ष्य को पूरा करने में सहयोग करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज जबलपुर में गैरीसन ग्राउंड में गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।
नर्मदा मैया का कॉरिडोर, घाट परस्पर जुड़ेंगे
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि संस्कारधानी जबलपुर में आकर मन प्रसन्न है। कल संध्या के समय नर्मदा जी के घाट पर जाने का अवसर मिला। नर्मदा मैया हम सभी को आशीर्वाद देती हैं। जबलपुर के नर्मदा घाटों का कॉरिडोर बनाया जायेगा। नर्मदा मैया के घाटों के उन्नयन कार्य के साथ ही उन्हें परस्पर जोड़ने का कार्य किया जायेगा नर्मदा पथ विकसित किया जायेगा। पृथक-पृथक तीन चरणों में अलग-अलग नर्मदा परिक्रमा पथ बनेंगे।
औद्योगिक क्षेत्र का विकास
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में औद्योगिक प्रगति के लिये बहुआयामी प्रयास किये जा रहे हैं। हाल ही में इंदौर में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 15 लाख 40 हजार 550 करोड़ रूपये के निवेश प्रस्ताव मिले। इससे करीब 29 लाख लोगों को जीविका मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जबलपुर में भटौली क्षेत्र में औद्योगिक नगर विकसित होगा। इसके लिये भूमि चिन्हित कर ली गई है। गारमेन्ट और टेक्सटाइल की इकाईयां बनेंगी ये इकाईयां बहनों और बेटियों के आर्थिक उन्नयन का भी मजबूत माध्यम हैं। इस क्षेत्र में रहवासी इलाके विकसित होंगे। भंडारण सुविधायें भी विकसित होंगी। हमारा प्रयास है कि ग्रीन फील्ड शहर की अवधारणा को लागू करें। जबलपुर के इस क्षेत्र में रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग की निकटता होने से औद्योगिक विकास की अच्छी संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को साकार किया जायेगा।
महाकौशल के विकास पर फोकस
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि महाकौशल अंचल में अनेक विकास कार्य हो रहे हैं। करीब 66 हजार करोड की सिंचाई परियोजना के कार्य हो रहे हैं। केन, बेतवा परियोजना के लिये 44 हजार करोड़ की राशि प्राप्त हो रही है। बरगी बांध के निर्माणाधीन टर्नल पर स्लीमनाबाद के पास कार्य चल रहा है। अब तो विंध्य अंचल में नागौद तक पानी पहुंचने वाला है। जबलपुर के शहरी क्षेत्र के साथ ही निकटवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों का तेजी से विकास होगा। जबलपुर में 3500 करोड़ रूपये लागत का रिंग रोड बन रहा है। प्रदेश का द्वितीय ग्लोबल स्किल पार्क जबलपुर में बनाया जायेगा। इसमें युवाओं को प्रशिक्षित किये जाने की व्यवस्था होगी। मध्य प्रदेश के स्किल्ड युवा दुनिया के देशों में जाकर सेवायें देंगे। अधोसंरचना को मजबूत बनाने वाले सभी कार्य तेज गति से चल रहे हैं। पूरे प्रदेश में बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति का संकल्प है।
प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में बन रहा शक्तशाली भारत
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में वैभवशाली, गौरवशाली और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश है। आने वाले कुछ वर्ष में भारत का क्रम तीसरा होगा। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कोरोना काल में वैक्सीन के निर्माण और अन्य देशों को सहयोग का उदाहरण दुनिया में प्रस्तुत किया। आज हमारा देश स्वास्थ्य की दृष्टि से सुरक्षित है। आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिये हमें आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश का निर्माण करना है।
प्रदेश की विकास दर बढ़ी, प्रति व्यक्ति आय भी बढ़ी,मजबूत हुई अधोसंरचना
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश की विकास दर में वृद्धि हुई है। मध्य प्रदेश की विकास दर इस समय 19.76 प्रतिशत है, जो सबसे ज्यादा है। देश की अर्थव्यवस्था में योगदान 3.6 प्रतिशत से बढ़कर 4.6 हो गया है। इसी तरह प्रतिव्यक्ति वार्षिक आय जो वर्ष 2003 में सिर्फ 13 हजार थी वह बढ़कर 1 लाख 37 हजार हो गई है। अधोसंरचना को मजबूत बनाते हुए सिंचाई, सड़क, बिजली, पेयजल आदि कार्यों को पूरा किया गया। मध्य प्रदेश अब टूटी-फूटी सड़कों के लिये नहीं बल्कि 4 लाख किलोमीटर लम्बाई की शानदार सड़कों के लिये जाना जाता है।
नवकरणीय ऊर्जा में मध्य प्रदेश आगे
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा मध्य प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में लगातार कार्य हो रहा है। रीवा के सौर ऊर्जा संयंत्र के बाद ओंकारेश्वर में बांध की जल राशि पर फ्लोटिंग प्लांट स्थापित किया जा रहा है। नीमच, शाजापुर, छतरपुर, मुरैना में भी सौर ऊर्जा परियोजनाएं क्रियान्वित होंगी। प्रदेश में कभी 3 हजार मेगावाट से भी कम बिजली होती थी। अब यह आठ गुना से अधिक हो गई है।
शिक्षा, स्वास्थ्य, बेटियों का सशक्तिकरण प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शिक्षा के क्षेत्र में सीएम राइज विद्यालयों, हिन्दी में मेडीकल और इंजीनियरिंग के पाठ्यक्रमों के संचालन प्रदेश में तीन करोड़ से ज्यादा स्मार्ट कार्ड बनाकर आयुष्मान भारत योजना को गति देने, लाड़ली लक्ष्मी योजना के माध्यम से बेटियों को महाविद्यालय में प्रवेश कर 25 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि और इसके पश्चात उच्च शिक्षा के लिये फीस की व्यवस्था के निर्णयों की भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश की धरती पर बेटियों को गलत नजर से देखने वालों को बख्शा नहीं जायेगा। प्रदेश में 42 दुष्कर्मियों को फांसी की सजा सुनाई गई है।
जमीन का अधिकार हर नागरिक को मिलेगा
मुख्यमत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में रहने वाले प्रत्येक भूमि हीन व्यक्ति को जमीन का अधिकार मिलेगा। इसके लिए मुख्यमंत्री भू-आवासीय अधिकार योजना प्रारंभ की गई है। प्रत्येक परिवार को नि:शुल्क भूखंड प्राप्त होगा। कोई भी गरीब व्यक्ति बिना जमीन के नहीं रहेगा। हाल ही में टीकमगढ़ में 10 हजार से अधिक लोगों का भूखंड देकर इसकी शुरूआत की गई। सिंगरौली में भी 25 हजार से अधिक लोगों को प्लाट दिये गये। मेहनत की कमाई से अपना मकान बनाने वालों के मकान को अवैध नहीं रहने दिया जायेगा। इसके लिये आवश्यक वैधानिक प्रावधान किये जा रहे हैं।
किसान कल्याण और जनजाति समाज के हितों का संरक्षण
किसानों को लाभान्वित करने के लिये दो वर्ष में फसल बीमा योजना की 17 करोड़ की राशि किसानों के खातों में अंतरित की गई। पेसा कानून के माध्यम से जनजाति भाई-बहनों के लिये जल, जमीन और जंगल के अधिकार सुनिश्चित किये गये हैं। अनुसूचित जाति के कल्याण के अनेक कार्य आगामी संत रविदास जयंती से प्रारंभ किये जा रहे हैं। इसी दिन से हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलवाने की शुरूआत भी की जा रही है। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान में चिन्हित हितग्राही विभिन्न योजनाओं का फायदा प्राप्त करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गिनाईं प्रदेश की प्रमुख उपलब्धियां
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश की अनेक उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। इनमें जल जीवन मिशन के माध्यम से प्रदेश के 55 लाख परिवारों तक टोंटी के माध्यम से जल प्रदाय और इससे दुगने परिवारों तक आने वाले वर्ष में यह सुविधा पहुंचाने, महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से 44 लाख बहनों के आर्थिक उन्नयन और सशक्तिकरण, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और 25 सौ से अधिक स्टाअर्टप्स के माध्यम से युवाओं के नवाचारों को मिली सफलता, कानून व्यवस्था की बेहतर व्यवस्थायें, नगरों में फ्लाई ओव्हर निर्माण, स्मार्ट सिटी के विकास, बेहतर विद्युत प्रदाय, मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना का क्रियान्वयन शामिल है।
स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का स्मरण
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संबोधन के प्रारंभ में उपस्थित नागरिकों को गणतंत्र दिवस और बंसत पंचमी की बधाई दी। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिये जान न्यौछावर करने वाले सेनानियों का स्मरण किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अमर शहीदों के प्रति हम सभी कृतज्ञ हैं। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस ने कहा था कि ” तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हे आजादी दूंगा ” । नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जबलपुर जेल में भी कई दिन रहे। राजा रघुनाथ शाह, शंकर शाह सहित कितने ही देश भक्तों ने स्वतंत्रता पाने के लिये संघर्ष का मार्ग अपनाया।
आम जन से जुड़ाव की शैली
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रारंभ में जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। हर्ष फायर की ध्वनियों के बीच मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आमजन का अभिवादन किया। आकाश में हर्ष और शांति के प्रतीक गुब्बारे छोड़े गए। जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों और लोकतंत्र सेनानियों से मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भेंट की और उनका सम्मान किया। मध्य प्रदेश गान के झांकियों का स्वागत हुआ। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 37 विभाग के 114 अधिकारियों कर्मचारियों को सम्मानित किया। अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुई जिनमें महाकौशल अंचल में रहने वाली बैगा जनजाति द्वारा किये जाने वाले प्रभावशाली लोक नृत्य, लोक संगीत की धुनों के साथ प्रस्तुत किये गये। इसके अलावा बुंदेली लोकनृत्य भी प्रदर्शित हुये। विभिन्न विभागों की तरफ से योजनाओं पर केंद्रित झांकियों का प्रदर्शन भी किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान कार्यक्रम में पूरा समय उपस्थित रहने के बाद आमजन के मध्य भी पहुंचे। उनकी आम जनता से जुड़ाव की शैली से प्रसन्न चित नागरिकों ने सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जबलपुर के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. एम.सी डाबर को पद्म श्री से सम्मानित किये जाने की घोषणा पर मंच पर उन्हें शॉल- श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा-
1 महाकौशल के विकास को गति देंगे।
2. मध्य प्रदेश के ग्राम, विकास की धुरी बनेंगे।
3. प्रदेश की कृषि भूमि का एक-एक इंच सिंचाई सुविधा प्राप्त करेगा।
4. सौर ऊर्जा को निरंतर बढ़ावा दिया जाएगा।
5. भूमिहीन लोगों को आवासीय भूखंड देंगे। हर गरीब को जमीन का टुकड़ा मिलेगा।
6. मेहनत की कमाई से बनाया गया किसी का मकान अवैध नहीं होगा।
7. युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं नौकरी देने वाला बनाएंगे।
8. मेधावी विद्यार्थियों के ऐसे परिवार जिनकी सालाना आय आठ लाख से कम है उन्हें सरकार शिक्षण शुल्क देगी।
9.अधोसंरचना को मजबूत बनाने का कार्य निरंतर चलेगा।
10. प्रदेश में 1 वर्ष में 6 नक्सली मार गिराए गए हैं जिन पर लगभग 1 करोड़ का इनाम था। पुलिस बल बधाई का पात्र है।
गणतंत्र दिवस समारोह में सांसद श्री राकेश सिंह, राज्य सभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा बाल्मीक, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. जीतेन्द्र जामदार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संतोष बरकड़े, विधायक श्री अजय विश्नोई, विधायक श्रीमती नंदिनी मरावी, विधायक श्री अशोक रोहाणी, विधायक श्री सुशील कुमार तिवारी इंदू, नगर निगम के अध्यक्ष श्री रिकुंज विज, पूर्व मंत्री श्री अंचल सोनकर एवं श्री शरद जैन, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष श्री कमलेश अग्रवाल, श्री आशीष दुबे, श्री अखिलेश जैन तथा प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

सुंदरलाल बर्मनhttps://majholidarpan.com/
Sundar Lal barman (41 years) is the editor of MajholiDarpan.com. He has approximately 10 years of experience in the publishing and newspaper business and has been a part of the organization for the same number of years. He is responsible for our long-term vision and monitoring our Company’s performance and devising the overall business plans. Under his Dynamic leadership with a clear future vision, the company has progressed to become one of Hindi e-newspaper , with Jabalpur district.

Latest News

Stay Connected

0FansLike
24FollowersFollow
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Most View