निजी स्कूलों से बेहतर शिक्षा और संस्कार सांदीपनि विद्यालयों में मिलेंगे-मुख्यमंत्री डॉ. यादव
जबलपुर
सेना और सरकार ने दुश्मनों को देश का साहस दिखाकर सबक सिखाया-मुख्यमंत्री डॉ.यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सी.एम. राइज स्कूलों का नामकरण सांदीपनि विद्यालय करने के संबंध में कहा कि मुख्यमंत्री तो बनते रहेंगे। लेकिन जो शिक्षा और संस्कार जिस विद्यालय से प्राप्त हो वो सांस्कृतिक वैभव दिखाने वाले होने चाहिए। जो भगवान के गुरु बने हों, ऐसे गुरु के नाम पर विद्यालय होना गौरवशाली बनाता है और सांदीपनि गुरू ने तो भगवान गोपाल कृष्ण को शिक्षित किया था। इसलिए उनके नाम पर विद्यालय का नाम होना गौरव की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक जो शिक्षा प्रायवेट स्कूलों में मिलती थी,उससे बेहतर शिक्षा का केंद्र सांदीपनि विद्यालय बनेंगे। इन स्कूलों में भी बेहतर प्रयोगशालाएं और खेल मैदान के अलावा उत्कृष्ठ शिक्षक होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह बात आज संस्कारधानी व न्यायधानी के रूप में विख्यात जबलपुर में सांदीपनि विद्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद सभा को संबोधित करते हुये कही।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज दुनिया भारत की प्रतिभा का सम्मान कर रही है। काम तो कई करते है लेकिन हम नवनिर्माण करते है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने मात्र 4 दिन के भीतर पाकिस्तान को धूल चटाने का काम किया है। उन्होंने सेना के शौर्य की प्रशंसा करते हुये कहा कि देश के दुश्मनों के साथ जैसे किया जाता है, वैसा ही सबक हमारी सेना और सरकार ने सिखाया है। पलक झपकते ही करारा जवाब देना हमारे देश की सेना से सीखना चाहिए। सेना का असर ऐसा हुआ कि दुश्मन देश को रात के अंधेरे में ध्वस्त कर दिया।
जबलपुर की पहली केबिनेट नहीं विकास का संकल्प था –
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर में आयोजित हुई केबिनेट के सम्बंध में कहा कि सरकार बनने के बाद जबलपुर में पहली केबिनेट का आयोजन किया गया था। वो सिर्फ केबिनेट नही बल्कि विकास के संकल्प की कैबिनेट थी। उन्होंने संस्कारधानी व न्यायधानी को दुनिया की सबसे आकर्षक नगरी बताते हुये कहा कि मॉ नर्मदा के भव्य तट और भेड़ाघाट की अद्भुत छटा इस क्षेत्र को गौरवशाली बनाते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के कई नवाचारों की शुरूआत हुई है। उन्होंने कहा कि सांदीपनि स्कूल से बच्चों को केवल शिक्षा नहीं बल्कि संस्कार भी मिलेंगे।
जबलपुर सांसद श्री आशीष दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूरे प्रदेश के साथ-साथ जबलपुर भी प्रगति पथ पर अग्रसर है। समारोह को महापौर श्री जगत बहादुर सिंह ने भी संबोधित किया।
इस मौके पर विधायक सर्वश्री अशोक रोहाणी, अभिलाष पांडे, संतोष बरकड़े, नगर निगम आयुक्त श्री रिकुंज विज और भाजपा नगर जिला अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल सहित स्कूल प्रबंधन के अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
सर्वसुविधायुक्त होगा सांदीपनि विद्यालय –
मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा बरगी हिल्स क्षेत्र में जिस सांदीपनि विद्यालय का भूमिपूजन किया गया। इस विद्यालय में आधुनिक शिक्षा के लिए सर्वसुविधा उपलब्ध होगी। 11.62 एकड क्षेत्र में 27.84 करोड़ की लागत निर्मित होने वाला विद्यालय तीन मंजिला होगा, जिसमें केजी-1 से कक्षा 12 वी तक के 1960 विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाएगी। सांदीपनि विद्यालय में मिड-डे-मिल, मल्टीपर्पज हॉल, 200मी. रनिंग ट्रेक, बास्केट बॉल कोर्ट, बैंडमिंटन कोर्ट एवं खो-खो मैदान भी बनेंगे। विद्यालय में 57 क्लासरूम के साथ-साथ भौतिक, रसायन, जीवविज्ञान तथा कम्प्यूटर कक्ष सहित आधुनिक लाइब्रेरी भी होगी। इसके अलावा आधुनिक विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए नृत्य एवं गायन कक्ष के साथ 300 विद्यार्थियो की क्षमता का आधुनिक ऑडिटोरियम का भी बनेगा। संपूर्ण विद्यालय निर्माण के पश्चात बरगी हिल्स एवं समीपवर्ती क्षेत्र के बच्चों का उच्चस्तरीय शिक्षा प्रदाय की जा सकेगी।