जिले में संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने विकासखंड कटनी की ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण कर जल संग्रहण संरचनाओं का जायजा लिया।
कटनी
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम जरवाही में पगडंडी मार्ग से लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर मनरेगा योजना के तहत निर्मित गेबियन एवं खेत तालाबों का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, लागत एवं तकनीकी मानकों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को कार्य समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
ग्राम जरवाही में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान सीईओ ने महिलाओं से आदर्श ग्राम के विकास संबंधी सुझाव लिए। इस दौरान ग्रामीणों ने स्कूल, पंचायत भवन, अस्पताल की कमी एवं जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों की समस्याएं रखीं, जिस पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
सीईओ ने ग्राम तखला में आंगनवाड़ी केंद्र एवं प्राथमिक शाला का निरीक्षण कर बच्चों से संवाद किया तथा उनकी उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत पेयजल व्यवस्था एवं जलकर वसूली की समीक्षा भी की गई।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने हितग्राहियों द्वारा मनरेगा के अंतर्गत किए गए कार्यों का अवलोकन कर उनकी प्रगति की जानकारी ली तथा अपूर्ण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप सिंह, परियोजना अधिकारी मनरेगा ऋषिराज चढ़ार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




