जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुश्री कौर ने जनपद पंचायत कटनी अंतर्गत ग्राम पंचायत इमलिया स्थित जिला स्तरीय क्वालिटी कंट्रोल प्रयोगशाला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कटनी
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रयोगशाला में संधारित रजिस्टर एवं संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने प्रयोगशाला में उपलब्ध तकनीकी उपकरणों एवं संयंत्रों की कार्यप्रणाली को भी देखा और उनके उपयोग के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। साथ ही मटेरियल परीक्षण की प्रक्रिया एवं परीक्षण रिपोर्ट तैयार करने की प्रणाली का भी बारीकी से परीक्षण किया गया।
अभिलेखों की समीक्षा करते हुए सीईओ सुश्री कौर ने निर्देश दिए कि मटेरियल परीक्षण से संबंधित समस्त जानकारी को अधिक विस्तृत एवं स्पष्ट रूप से अभिलेखों में दर्ज किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जांच में पारदर्शिता बनी रहे।
इस अवसर पर जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप सिंह, परियोजना अधिकारी मनरेगा ऋषिराज चढ़ार, मीडिया प्रभारी योगेंद्र कुमार असाटी, मेघा मौर्य, सहायक यंत्री अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




