खदानों में वर्षा जल संग्रहण की अभिनव पहल कटनी नगर के लिए बनी वरदान
इमलिया खदान प्रोजेक्ट ने भी जलापूर्ति में बखूबी निभाया अपना साथ
जल संरक्षण की दूरगामी सोच के सुखद परिणाम के फलस्वरूप निर्बाध हुई जलापूर्ति
कटनी –
गर्मियों में कटनी शहर की पेयजल समस्या को दूर करने में यहां की खदानों में भरा पानी वरदान बन गया। जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सूझ-बूझ के मणिकांचन संयोग ने शहर की पानी की किल्लत ही दूर कर दी। जिला प्रशासन द्वारा तैयार की गई कटनी जिले के ग्रीष्मकालीन जलापूर्ति कार्ययोजना की सराहना तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा की गई थी।
समय रहते खदानों में सहेजा गया वर्षाजल
नागरिकों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति एवं भूमिगत जलस्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से कटनी नदी के माध्यम से व्यर्थ बह जाने वाले बारिश के पानी को जागृति पार्क के पीछे स्थित विश्वकर्मा खदान, कंचन खदान एवं अन्य खदानों में सहेजने की रूपरेखा तैयार कर इसे समय रहते मूर्त रूप दिया गया। गर्मी के मौसम में खदानों में सहेजे गए पानी को फिल्टर कर जलापूर्ति किए जाने से नगर में ग्रीष्म ऋतु के दौरान उत्पन्न होने वाली जलापूर्ति एवं पेयजल संकट की समस्या से काफी हद तक राहत मिली है।
पहाड़ियों का पानी किया संरक्षित
महापौर प्रीति सूरी के निर्देश पर नगर की पेयजल व्यवस्था की सुचारू आपूर्ति करने की कोशिश की गई। वर्षाकाल के दौरान उपनगरीय क्षेत्र स्थित एसीसी रोड में पहाड़ों का पानी क्षेत्र के निर्मित 2 पुलियों के माध्यम से माधव नगर में निर्मित सेवन इलेवन नाले से व्यर्थ बह जाने वाले पानी को सहेजने के लिए विगत वर्षों में नगर निगम द्वारा स्टॉपडेम बनाकर स्टॉपडेम से कच्चे नाले के माध्यम से खदान नंबर 5 को जोड़ने का कार्य किया गया। जिससे उक्त खदान में वर्षा जल संचयन का कार्य भूजल स्तर को बढ़ाने एवं नगर की पेयजल आपूर्ति हेतु रॉ वाटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने में वरदान साबित हो रहा है।
इमलिया खदान ने दिया भरपूर साथ
नगर में जलापूर्ति हेतु वैकल्पिक जल स्रोत की उपलब्धता हेतु माधवनगर स्थित इमलिया खदान प्रोजेक्ट ने भी ग्रीष्म ऋतु के दौरान नगर की सफलतापूर्वक पेयजल आपूर्ति में भरपूर साथ दिया। जिसके चलते इस ग्रीष्म ऋतु में पानी की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। ज्ञातव्य हो कि शहर को ग्रीष्म कालीन पेयजल समस्या से निजात दिलानें हेतु जिला प्रशासन एवं मुड़वारा विधायक श्री संदीप जायसवाल एवं नगर निगम के भागीरथ प्रयासों के परिणाम स्वरूप ईमलिया खदान से कटायेघाट फिल्टर प्लांट तक पानी लाने की कार्ययोजना के क्रियान्वयन हेतु जिला प्रशासन द्वारा खनिज प्रतिष्ठान मद से 2 करोड़ रूपये तथा विधायक श्री जायसवाल द्वारा विधायक निधि से 50 लाख रूपये की राशि दी गई थी।
नदी गहरीकरण कार्य
इसके अलावा विगत वर्षों में कटनी नदी के जलस्तर में कमी होने पर नदी के अपस्ट्रीम में बिलहरी, घिनौची द्वारा ग्राम में कटनी नदी की सफाई एवं गहरीकरण सहित आस पास की शासकीय बंजर भूमि में पूल निर्माण का कार्य किये जाने से जलग्रहण क्षमता का संवर्धन हुआ है। जिसके फलस्वरूप विगत 2 वर्षों से कटनी नदी बैराज से होने वाली पेयजल आपूर्ति में भी सुधार हुआ है।
दूरगामी सोच के सुखद परिणाम
वैकल्पिक जल स्रोत सहित समय रहते जल संरक्षण की व्यवस्था कर ग्रीष्मकाल के दौरान नगर की सुचारू जलापूर्ति हेतु स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित जिला प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन के दूरगामी सोच के सुखद परिणाम अब देखने को मिल रहे है। इन महत्वपूर्ण कार्यों को समय रहते पूर्ण करने हेतु निगम प्रशासन द्वारा समय-समय पर समीक्षा की जाकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।