कला में प्रशासनिक कार्रवाई से बेघर हुआ परिवार,
पोड़ा मझौली जबलपुर
जिला जबलपुर के ग्राम पोड़ी कला में प्रशासन की कार्रवाई ने शासन के गरीब-कल्याण और आवास सुरक्षा के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम निवासी राजेन्द्र शर्मा पिता दुर्गाप्रसाद शर्मा का प्रधानमंत्री आवास योजना से स्वीकृत एवं पूर्ण निर्मित मकान कथित तौर पर परिवार की अनुपस्थिति में, बिना किसी पूर्व नोटिस के जमींदोज कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद पीड़ित परिवार बेघर होकर सड़क पर आ गया, सिर से छत छिन गई और जीवन यापन संकट में पड़ गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि शासन-प्रशासन तत्काल रहने के लिए आवास उपलब्ध कराए, ताकि परिवार सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सके। बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए घर तोड़ना अमानवीय और गैरकानूनी है।
मामले को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संगठनों ने मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा, पुनः आवास की समुचित व्यवस्था की जाए और जिन अधिकारियों ने बिना नोटिस यह कार्रवाई की, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई हो। सामाजिक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।




