हर घर तिरंगा अभियान:-
जबलपुर, 13 अगस्त, 2022
आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत देशभर में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर विभिन्न गतिविधियां की जा रही हैं इसी तारतम्य में जबलपुर में भी समाज के सभी वर्ग व संस्थानों ने हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जन जागरूकता के लिए तथा देश प्रेम की भावना जागृत करने के लिए कई अभिनव कार्यक्रम कर रहे हैं।
विजयनगर कंचन विहार स्थित सेंट्रल एकेडमी सीनियर सेकेंड्री स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आज देश प्रेम व राष्ट्रीय गौरव को जागृत करने के लिए गौरव उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री डॉ. इलैयाराजा टी, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ बहुगुणा, नगर निगम कमिश्नर आशीष वशिष्ठ, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना सहित संस्था से जुड़े शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित थे।
गौरव उत्सव के दौरान कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी बाइक पर निकाली गई तिरंगा रैली में शामिल हुये। उन्होंने संस्कारधानी जबलपुर और जिले के सभी निवासियों से इस अभियान से जुड़ने तथा घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। बाइक तिरंगा रैली में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा भी शामिल हुये। उन्होंने संस्कारधानी वासियों से 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों, दुकानों और संस्थानों पर तिरंगा फहराने का अनुरोध किया साथ में नगर निगम आयुक्त आशीष वशिष्ठ सहित सेंट्रल एकेडमी सीनियर सेकेंड्री स्कूल के शिक्षक व अन्य प्रतिष्ठित लोग भी बाइक तिरंगा रैली में शामिल हुए। सेंट्रल एकेडमी सीनियर सेकेंड्री स्कूल के विद्यार्थियों ने 200 मीटर लंबी तीन रंगों की पट्टी लेकर भारत माता की जय व वंदे मातरम के नारों के साथ तिरंगा रैली को सुशोभित किया तथा 13 से 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों में तिरंगा फहराने की अपील की।