माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश (MPBSE) ने हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी और विद्यालय पूर्व शिक्षा में डिप्लोमा (डी.पी.एस.ई.) परीक्षा 2026 के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं।
भोपाल
लंबे समय से इंतजार कर रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है।
मंडल द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सभी परीक्षार्थी अपने प्रवेश पत्र ऑनलाइन ही डाउनलोड करेंगे। इसके लिए परीक्षार्थियों को मंडल की आधिकारिक वेबसाइट
[https://mpbse.mponline.gov.in](https://mpbse.mponline.gov.in)
पर जाकर आवश्यक विवरण भरना होगा
प्रवेश पत्र में ये जानकारियां होंगी शामिल
प्रवेश पत्र में परीक्षार्थी का नाम, रोल नंबर, विषयवार परीक्षा तिथि, परीक्षा केंद्र, समय-सारिणी सहित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश अंकित होंगे। मंडल ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि प्रवेश पत्र में दर्ज जानकारी का भली-भांति मिलान कर लें। किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर तुरंत संबंधित स्कूल या बोर्ड कार्यालय से संपर्क करें।
बिना प्रवेश पत्र परीक्षा में प्रवेश नहीं
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने साफ किया है कि प्रवेश पत्र के बिना किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ वैध पहचान पत्र भी अनिवार्य रूप से लाना होगा।
परीक्षाओं को लेकर मंडल की तैयारी पूरी
मंडल ने परीक्षा आयोजन को लेकर सभी जिलों में आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी, अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण और नकल-मुक्त वातावरण में संपन्न हों।
छात्रों के लिए सलाह
विद्यार्थियों को समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड कर प्रिंट निकालने, परीक्षा केंद्र का पूर्व निरीक्षण करने और परीक्षा के दिन निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
एमपी बोर्ड परीक्षा 2026 अब पूरी तरह रफ्तार में है, प्रवेश पत्र जारी होने के साथ ही परीक्षा की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।




