मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बड़ा घोटाला सामने आया है।
भोपाल
जानकारी के मुताबिक गणित और संस्कृत के प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने से पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पूरे मामले से प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही कुछ छात्रों और अभिभावकों के मोबाइल पर प्रश्नपत्र पहुंच गए थे। जब यह बात प्रशासन तक पहुंची तो मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश दे दिए गए।
जिला कलेक्टर ने राज्य साइबर मुख्यालय और स्थानीय पुलिस को संयुक्त रूप से जांच करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को यह पता लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है कि प्रश्नपत्र किस स्तर से लीक हुआ और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात भी कही गई है।
शिक्षा विभाग के लिए यह मामला बेहद संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि प्राथमिक स्तर की बोर्ड परीक्षाओं में इस तरह की धांधली से हजारों छात्रों के भविष्य पर असर पड़ सकता है। फिलहाल साइबर टीम सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वायरल हुए पेपर की जांच कर रही है, ताकि लीक की पूरी कड़ी का खुलासा हो सके।




