मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने आज फिर से भोपाल में व्यापम चौराहे पर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह जी की प्रतिमा का अनावरण किए जाने की मांग की है
भोपाल
श्री त्रिपाठी ने आज 12 बजे व्यापम चौराहे पहुंचकर प्रतिमा की स्थिति का जायजा लिया और माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि 4 मार्च को स्वर्गीय अर्जुन सिंह जी की पुण्यतिथि है, इसके पहले सरकार प्रतिमा का अनावरण कराए अन्यथा विन्ध्य जन स्वयं अनावरण करने को मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि मैंने 3 फरवरी 2022 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर मूर्ति का अनावरण कराए जाने का आग्रह किया था। किंतु साल भर बीत जाने के बाद भी मूर्ति ज्यों की त्यों खड़ी है। यह विन्ध्य क्षेत्र की जनता का अपमान है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अर्जुन सिंह जी केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री जैसे गरिमामय पदों पर रहें हैं। उन्हें भारतीय राजनीति का चाणक्य भी कहा गया है। वे हमारे प्रदेश के गौरव हैं और जन जन के नेता भी रहे हैं। विन्ध्य के इस महान जननायक की प्रतिमा का अनावरण न होने से विन्ध्य के लोग आहत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार 4 मार्च 2023 को उनकी पुण्यतिथि के पूर्व ससम्मान इस प्रतिमा का अनावरण कराए। ऐसा न किए जाने पर विन्ध्य के लोग भोपाल आकर स्वयं अपने महान जननता की मूर्ति का अनावरण कर देंगे। श्री त्रिपाठी ने भोपाल और विन्ध्य क्षेत्र में निवासरत सभी विन्ध्यजनों से अपील की है कि यदि सरकार पुण्यतिथि के पूर्व मूर्ति का अनावरण नहीं करती है तो 4 मार्च को सब व्यापम चौराहा भोपाल पहुंचकर विन्ध्य के महान जननेता की मूर्ति का अनावरण करायें। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी विन्ध्यजनों के साथ मौजूद रहेंगे।