जनभागीदारी से होगा प्राचीन जल स्रोतों का संरक्षण – विधायक श्री सुशील तिवारी इंदु.
जबलपुर
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर बावड़ी उत्सव कार्यक्रम का आयोजन कर पनागर में जयप्रकाश वार्ड स्थित प्राचीन बावड़ी की साफ-सफाई की गई। विधायक श्री सुशील तिवारी “इंदु” के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पालिका पनागर के अध्यक्ष श्री प्रदीप पटेल भी मौजूद थे।
विधायक श्री सुशील तिवारी इंदु ने कार्यक्रम में अपने उद्बोधन में बावड़ी संरक्षण के कार्यों में जनसमुदाय की भागीदारी को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि पनागर विधानसभा क्षेत्र में जल संवर्धन के कार्यों तथा बावड़ी, तालाब और कुओं जैसे जल स्त्रोतों के सरंक्षण में शासन-प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता का भी सहयोग लिया जायेगा। श्री तिवारी ने जल एवं वृक्षों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जल और वृक्षों के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। हमें अपने प्राचीन जल स्रोतों जैसे बावड़ियों और तालाबों का संरक्षण कर आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित करना होगा।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रदीप पटेल ने बावड़ी उत्सव कार्यक्रम के माध्यम से बावड़ी व जल स्त्रोतों के संरक्षण में निरंतर सहयोग करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में तहसीलदार श्री विकास जैन, विधायक प्रतिनिधि श्री आंनद जैन मिंचु सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद थे।